Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
HEADLINES

कल्याण बनर्जी का पीएम मोदी पर तंज, बोले—“भगवान ने ही बता दिया, बंगाल उनका गंतव्य नहीं”

कल्याण बनर्जी: फाइल फोटो

हुगली, 21 दिसंबर (Udaipur Kiran) । श्रीरामपुर लोकसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस सांसद कल्याण बनर्जी ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर तीखा व्यंग्य कसा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का गंतव्य पश्चिम बंगाल नहीं हो सकता, यह बात “कल भगवान ने भी समझा दी।” बनर्जी ने तंज करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने इतनी झूठी बातें कही हैं कि मौसम ने भी उनका साथ नहीं दिया।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की शनिवार को नदिया जिले के ताहेरपुर में एक जनसभा प्रस्तावित थी, लेकिन खराब मौसम के कारण उनका हेलीकॉप्टर वहां नहीं पहुंच सका। इसके बाद प्रधानमंत्री ने फोन के जरिए भाजपा समर्थकों को संबोधित किया और अपने भाषण में पश्चिम बंगाल की तृणमूल सरकार पर हमला बोला।

इस पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए कल्याण बनर्जी ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री का “डेस्टिनेशन बंगाल नहीं है,” यह बात ईश्वर ने ही स्पष्ट कर दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी पहले भी बंगाल को लेकर “जंगल राज” जैसी टिप्पणियां कर चुके हैं और हर बार बंगाल की जनता ने उन्हें करारा जवाब दिया है। उन्होंने सवाल उठाया कि जो व्यक्ति बंगाल और बंगालियों का अपमान करता है और राज्य को वंचित करता है, वह बंगाल का विकास कैसे करेगा?

कल्याण बनर्जी ने केंद्र सरकार पर सौ दिन के काम (मनरेगा) का बकाया पैसा न देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह योजना बंगाल के लोगों के लिए है, फिर भी हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बावजूद केंद्र सरकार धन जारी नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि बंगाल के लोगों को लगातार वंचित करने की इस मानसिकता को राज्य की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी।

भाजपा पर बंगालियों को सहन न कर पाने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने रवींद्रनाथ टैगोर, राजा राममोहन राय, ईश्वरचंद्र विद्यासागर और ऋषि बंकिमचंद्र चटर्जी जैसे महान व्यक्तित्वों का भी अपमान किया है। उन्होंने कहा कि बंगाल और बंगालियों के इस अपमान का जवाब जनता वर्ष 2026 में देगी।

मतुआ समुदाय से जुड़े मुद्दे पर भी कल्याण बनर्जी ने भाजपा को घेरा। उन्होंने कहा कि भाजपा मतुआ समाज से किए गए वादों को पूरा नहीं कर पाई है। भाजपा के एक मंत्री शांतनु ठाकुर द्वारा नागरिकता देने के दावों पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि नागरिकता देने की एक संवैधानिक प्रक्रिया और सरकारी नियम होते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भीड़ जुटाकर पैसे लिए जा रहे हैं और ऐसे कागज दिए जा रहे हैं, जिनकी कोई कानूनी वैधता नहीं है।

कल्याण बनर्जी ने दावा किया कि भाजपा 2024 तक मतुआ समुदाय की भावनाओं के सहारे जीतती रही, लेकिन अब मतुआ समाज समझ चुका है कि नरेन्द्र मोदी उनके लिए कुछ नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि मतुआ समुदाय के लिए जो भी काम होगा, वह मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ही करेंगी।

—————

(Udaipur Kiran) / धनंजय पाण्डेय

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *