Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
HEADLINES

केन्द्रीय विद्यालय संगठन देश की विद्यालयी शिक्षा का मजबूत और विश्वसनीय स्तंभ: संजय कुमार

स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव संजय कुमार सोमवार को केवीएस के स्थापना दिवस–2025 समारोह में प्रदर्शनी का अवलोकर करते हुए

नई दिल्ली, 15 दिसंबर (Udaipur Kiran) । केन्द्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) देश की विद्यालयी शिक्षा व्यवस्था का एक सशक्त, भरोसेमंद और राष्ट्रीय पहचान वाला संस्थान बन चुका है। यह बात स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव संजय कुमार ने सोमवार को केवीएस के स्थापना दिवस–2025 समारोह को संबोधित करते हुए कही।

संजय कुमार ने कहा कि केन्द्रीय विद्यालयों ने मानकीकृत शिक्षा प्रणाली, शैक्षणिक गुणवत्ता और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के माध्यम से अभिभावकों और समाज का विश्वास अर्जित किया है। उन्होंने कहा कि आज केन्द्रीय विद्यालय देश के विभिन्न हिस्सों में गुणवत्तापूर्ण और समान शिक्षा उपलब्ध कराने का सशक्त माध्यम बने हैं।

उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति–2020 के प्रभावी क्रियान्वयन की सराहना करते हुए कहा कि केवीएस नवाचार, अनुभवात्मक शिक्षण, कौशल विकास और मूल्य-आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने पीएम श्री विद्यालय, व्यावसायिक शिक्षा और भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़े कार्यक्रमों को भविष्य की शिक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।

सचिव ने कहा कि डिजिटल तकनीक, स्मार्ट कक्षाओं और नवाचारी प्रयोगों के माध्यम से केन्द्रीय विद्यालय विद्यार्थियों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार कर रहे हैं। उन्होंने शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की नींव होते हैं और केवीएस के शिक्षक इस दायित्व का सफलतापूर्वक निर्वहन कर रहे हैं।

संजय कुमार ने आशा व्यक्त की कि केन्द्रीय विद्यालय संगठन आने वाले समय में भी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता, समावेशन और नवाचार का आदर्श स्थापित करता रहेगा।

इस अवसर पर संगठन की 63वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।

समारोह के दौरान पीएम श्री विद्यालय, व्यावसायिक शिक्षा, भारतीय ज्ञान परंपरा, समग्र शिक्षा तथा स्मार्ट कक्षा जैसे विषयों पर लघु फिल्मों का प्रदर्शन किया गया। साथ ही पीपीपी मॉडल के अंतर्गत केन्द्रीय विद्यालयों में 182 नवाचारी एवं कौशल कक्षों के वर्चुअल उद्घाटन से भविष्य उन्मुख शिक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ किया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति गीत, लोक नृत्य और विविध प्रस्तुतियां दी गईं। कार्यक्रम में केवीएस के विशिष्ट पूर्व विद्यार्थियों—जसप्रीत बुमराह, चाय ऑफ इंडिया स्टार्टअप के संस्थापक अजय कृष्णा तथा गगनयान मिशन से जुड़े अंतरिक्ष यात्री—की प्रेरक वीडियो संदेश भी प्रदर्शित किए गए।

इस अवसर पर केन्द्रीय विद्यालय संगठन की महत्वपूर्ण प्रकाशनों का विमोचन भी किया गया, जिनमें ‘इनोवेट एंड एजुकेट’ तथा ‘प्रशिक्षण एवं विकास सहयोग कैलेंडर–2026’ शामिल हैं।

कार्यक्रम में केवीएस की उपाध्यक्ष स्मृति चांद, सदस्य सचिव विनोद कुमार मिश्रा तथा शिक्षा मंत्रालय के अंतर्गत विभिन्न स्वायत्त संस्थानों के प्रमुख भी समारोह में शामिल हुए।

—————

(Udaipur Kiran) / सुशील कुमार

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *