Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

खंडवाः उत्तर प्रदेश के दल ने किया जिला अस्पताल के डे केयर कैंसर सेंटर का निरीक्षण

खंडवाः उत्तर प्रदेश के दल ने किया जिला अस्पताल के डे केयर कैंसर सेंटर का किया निरीक्षण

खण्डवा, 04 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश से आई एक विशेष टीम ने गुरुवार को खंडवा के सरकारी जिला अस्पताल में स्थित डे-केयर कैंसर सेंटर का निरीक्षण किया। इस दल में एनसीडी के जनरल मैनेजर डॉ. रमाशंकर यादव, राम मनोहर लोहिया अस्पताल लखनऊ के मेडिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. अमित पांडे तथा कल्याण सिंह सुपर स्पेशियलिटी कैंसर इंस्टीट्यूट लखनऊ की मेडिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. रूमीता सिंह शामिल थे। इस दल के भ्रमण का मुख्य उद्देश्य खण्डवा में अपनाई जा रही बेस्ट प्रेक्टिसेस का अवलोकन करना और उज्जैन कैंसर यूनिट तथा खण्डवा डे-केयर कैंसर सेंटर के बीच संचालित हब एंड स्पोक मॉडल की कार्यप्रणाली का मूल्यांकन करना था।

भ्रमण के दौरान आए अधिकारियों के दल ने खण्डवा के केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं, मरीज प्रबंधन, दवा उपलब्धता, कीमोथेरेपी प्रोटोकॉल सेवाओं की विस्तार से जानकारी ली तथा डे केयर में भर्ती मरीजों से चर्चा की। उत्तर प्रदेश की टीम ने केंद्र की व्यवस्था और कार्यकुशलता की सराहना की।

उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश में डे-केयर कैंसर सेंटर की स्थापना के लिए खण्डवा-उज्जैन हब एंड स्पोक मॉडल को संभावित रूप से अपनाने पर विचार किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ओ. पी. जुगतावत ने इस अवसर पर बताया कि खण्डवा डे-केयर कैंसर सेंटर वर्तमान में जिले के जरूरतमंद मरीजों को सुलभ, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण कीमोथेरेपी सुविधा उपलब्ध है। इस दौरान सिविल सर्जन डॉ. अनिरुद्ध कौशल, आर.एम.ओ. डॉक्टर कलमे तथा डे-केयर कैंसर सेंटर के प्रभारी डॉ. विशाल श्रीवास्तव उपस्थित थे।

(Udaipur Kiran) तोमर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *