Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

कानोता से भारतीय किसान संघ की किसान जागृति यात्रा का शुभारंभ

कानोता से भारतीय किसान संघ की किसान जागृति यात्रा का शुभारंभ

गोचर भूमि और गौ आधारित खेती पर दिया जोर

चूरू/सुजानगढ़, 3 दिसंबर (Udaipur Kiran) । ग्राम कानोता तहसील सुजानगढ़ से भारतीय किसान संघ के तत्वावधान में किसान जागृति यात्रा का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत हवन-यज्ञ और भारतीय किसान संघ के ध्वजारोहण के साथ की गई। रथ में विराजमान भगवान श्री बलराम की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन और आरती के बाद मंच पर मौजूद अतिथियों का भारतीय किसान संघ का दुपट्टा और साफा पहनाकर सम्मान किया गया।

किसान जागृति यात्रा को संघ के वरिष्ठ प्रचारक एवं राष्ट्रीय गौ संवर्धन संरक्षक शंकर लाल, कानपुरी महाराज, संघ प्रचारक सतीश कुमार, भारतीय किसान संघ के प्रांत महामंत्री सांवरमल सॉलेट, प्रांत मंत्री श्रीचंद सिद्ध, प्रांत महिला प्रमुख मनीता स्वामी, प्रांत संगठन मंत्री नीरज कुमार एवं जिला अध्यक्ष मुकेश रामपुरा ने भगवा झंडी दिखाकर रवाना किया।

मुख्य वक्ता शंकर लाल ने उत्तम खेती, मध्यम व्यापार और नीचे चाकरी के सिद्धांत पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गांव की गोचर भूमि को अतिक्रमण मुक्त किया जाए तथा धरती पर फैले विलायती बबूल को हटाया जाए। उन्होंने गोचर भूमि की तारबंदी और गौ आधारित प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की अपील की। उनका कहना था कि देसी गाय घर का डॉक्टर होती है और गोमूत्र व गौ उत्पादों का उपयोग खेती व स्वास्थ्य दोनों के लिए लाभकारी है, जिसे किसान परिवारों और समाज को अपनाना चाहिए।

कानपुरी महाराज ने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि नदियों को जोड़कर जल संकट का समाधान किया जाए। उन्होंने सोलर प्लांटों के लिए पेड़ों की कटाई पर चिंता जताते हुए सरकार से इस पर सख्त व्यवस्था बनाने की मांग की और पेड़ों के संरक्षण पर बल दिया।

प्रांत महामंत्री सांवरमल सॉलेट ने भारतीय किसान संघ के संस्थापक दत्तोपंत ठेंगड़ी के जीवन पर प्रकाश डाला और बताया कि संगठन की वर्तमान सदस्यता 42 लाख से अधिक हो चुकी है। उन्होंने कहा कि जल संकट और किसानों के हितों को लेकर सामूहिक प्रयास और जागृति यात्रा का सफल समापन संगठन का संकल्प है।

कार्यक्रम के अंत में पृथ्वी सिंह गेटअप ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि 8 दिसंबर को सुजानगढ़ में एक बड़ा ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर राजगढ़, रतनगढ़, सरदारशहर, भानीपुरा, सिधमुख, तारानगर, सालासर और सुजानगढ़ तहसीलों सहित चूरू एवं सीकर जिले की जिला व संभागीय कार्यकारिणी के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।

—————

(Udaipur Kiran)

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *