Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
CHHATTISGARH

कोरबा : यातायात पुलिस ने ट्रिपल राइडिंग के 96 मामलों में चालानी कार्रवाई की

फाइल फोटो

कोरबा, 30 दिसंबर (Udaipur Kiran) । जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर कोरबा पुलिस ने ट्रिपल राइडिंग के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में शहर एवं जिले के विभिन्न क्षेत्रों में दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाने वालों के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें कुल 96 वाहनों पर चालान की कार्रवाई की गई।

यह विशेष अभियान सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, यातायात अनुशासन को सुदृढ़ करने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया गया। अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस तथा संबंधित थाना–चौकी स्टाफ ने प्रमुख मार्गों, व्यस्त चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर सघन वाहन जांच की। जांच के दौरान ट्रिपल राइडिंग करते पाए गए दोपहिया वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, साेमवार 29 दिसंबर की देर रात तक चलाए गए अभियान में कटघोरा थाना क्षेत्र में सर्वाधिक 17 वाहनों पर चालान किया गया, जबकि बालको और कोटवाली थाना क्षेत्र में 13-13 दोपहिया वाहनों पर कार्रवाई की गई। इसके अलावा अन्य थाना क्षेत्रों में भी नियम उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालान काटे गए।

कोरबा पुलिस ने आज मंगलवार काे जानकारी देते हुए बताया कि ट्रिपल राइडिंग न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह वाहन की संतुलन क्षमता, ब्रेकिंग सिस्टम और नियंत्रण को प्रभावित कर गंभीर सड़क दुर्घटनाओं का कारण भी बन सकता है। खासकर तेज रफ्तार और भीड़भाड़ वाले इलाकों में तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाना जानलेवा साबित हो सकता है।

पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए स्पष्ट किया है कि ट्रिपल राइडिंग के खिलाफ आगे भी निरंतर और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। बार-बार नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। कोरबा पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा है कि सड़क सुरक्षा सभी की जिम्मेदारी है और नियमों का पालन कर ही दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।

(Udaipur Kiran) /हरीश तिवारी

—————

(Udaipur Kiran) / हरीश तिवारी

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *