कोटा पुलिस ने अपहरणकर्ताओं से गुजरात के दो व्यापारियों को बचाया, 20 लाख की फिरौती की थी मांग
ब्लैकमेल के लिए गन प्वाइंट पर बनाते थे अश्लील वीडियो, दो आरोपी गिरफ्तार

जयपुर, 22 सितंबर (Udaipur Kiran News)। कोटा पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए महाराष्ट्र से अगवा किए गए गुजरात के दो व्यापारियों को सुरक्षित मुक्त कराया है। पुलिस ने दो अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार कर उनके पास से दो देशी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। खुलासा हुआ है कि यह गिरोह गन प्वाइंट पर आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करता था और पहले भी कई लोगों से लाखों रुपये वसूल चुका है।
शहर पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने बताया कि 18 सितंबर को गुजरात के व्यापारी जयेश दत्ताणी और पांड्या हिम्मत भाई, जो पिछले दो साल से महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में एक कंपनी संचालित कर रहे थे, को उनके मल्कापुर स्थित निवास से अगवा किया गया। सुबह पांच हथियारबंद बदमाश घर में घुसे, दोनों को धमकाकर हाथ-पैर बांधे और गाड़ी में डालकर ले गए।
इसी बीच थाना रेलवे कॉलोनी पुलिस को सूचना मिली। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिलीप सैनी और थानाधिकारी रामस्वरूप मीणा के नेतृत्व में टीम ने भदाना पेट्रोल पंप के पास नाकाबंदी की और दो बदमाशों को पिस्तौल व जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार कर लिया। मौके से दोनों व्यापारियों को सकुशल छुड़ा लिया गया।
जांच में सामने आया कि अपहरण के बाद बदमाश पीड़ितों को अमरावती के एक फार्महाउस ले गए थे। वहां जयेश दत्ताणी को पिस्टल की नोक पर गिरोह में शामिल महिला के साथ आपत्तिजनक वीडियो बनाने के लिए मजबूर किया गया। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 20 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई।
फिरौती लेने के लिए गिरोह के तीन साथी—इल्लु, आमान पठान उर्फ बब्बु और सद्दाम—अमरावती से रवाना हुए, जबकि मोहम्मद जुनैद और नेहाल अहमद व्यापारियों को कार में डालकर महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश से होते हुए राजस्थान लेकर पहुंचे और कोटा से सवाई माधोपुर होते हुए दिल्ली जाने की योजना बना रहे थे।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मोहम्मद जुनैद, नेहाल अहमद, इल्लु, अमान पठान, सद्दाम, रविन्द्र और ताहिर घनिष्ठ मित्र हैं और मिलकर अमीर लोगों को टारगेट करने के लिए संगठित गिरोह चला रहे थे। वे अपहरण के बाद आपत्तिजनक वीडियो बनाकर पीड़ितों को बदनाम करने की धमकी देते और फिरौती वसूलते थे। गिरोह अब तक जयपुर में एक व्यक्ति से 8 लाख रुपये, महाराष्ट्र के एक राजनेता से 11 लाख और एक शिक्षक से 2 लाख रुपये वसूल चुका है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद जुनैद पुत्र मोहम्मद इमरान (30) और नेहाल अहमद पुत्र फिरोज अहमद (26), दोनों निवासी अमरावती (महाराष्ट्र), के रूप में हुई है।
इस ऑपरेशन में थाना रेलवे कॉलोनी और जिला स्पेशल टीम की संयुक्त कार्रवाई रही। इसमें एसएचओ रामस्वरूप मीणा, एसआई राम सिंह, एएसआई अब्दुल लतीफ, हेड कांस्टेबल कपिल गर्वे, कांस्टेबल लक्ष्मण, अजीत, सुरेश, राधेश्याम, दीवान, एएसआई रामवीर, हेड कांस्टेबल सुरेंद्र, अशोक कुमार, प्रदीप, शौकत, जयवीर और रोहिताश शामिल रहे।



