Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
SPORTS

कृष्णप्पा गौतम ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से लिया संन्यास

पूर्व भारतीय ऑलराउंडर कृष्णप्पा गौतम

नई दिल्ली, 22 दिसंबर (Udaipur Kiran) । पूर्व भारतीय ऑलराउंडर कृष्णप्पा गौतम ने सोमवार को पेशेवर क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा कर दी। 37 वर्षीय गौतम ने यह ऐलान केएससीए मीडिया लाउंज में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया। इस मौके पर कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ के अध्यक्ष वेंकटेश प्रसाद, उपाध्यक्ष सुजीत सोमसुंदर और सचिव संतोष मेनन भी मौजूद रहे।

कृष्णप्पा गौतम ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के लिए सिर्फ एक मैच खेला। उन्होंने 23 जुलाई 2021 को श्रीलंका के खिलाफ अपना एकमात्र वनडे मुकाबला खेला था, जिसमें उन्हें एक विकेट मिला। उस मैच में उन्होंने श्रीलंकाई विकेटकीपर मिनोद भानुका को आउट किया था।

गौतम को खास पहचान इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में मिली, जब वह आईपीएल 2021 की नीलामी में चेन्नई सुपर किंग्स द्वारा 9.25 करोड़ रुपये में खरीदे जाने के बाद सबसे महंगे अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी बने थे। बाद में यह रिकॉर्ड पहले आवेश खान और फिर आईपीएल 2026 मिनी ऑक्शन में कार्तिक शर्मा और प्रशांत वीर के नाम हुआ।

अपने आईपीएल करियर में गौतम ने मुंबई इंडियंस, राजस्थान रॉयल्स, पंजाब किंग्स, चेन्नई सुपर किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स का प्रतिनिधित्व किया। उनका आखिरी आईपीएल मुकाबला मई 2024 में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से था।

आईपीएल के 36 मैचों में इस स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर ने 166.90 की स्ट्राइक रेट से 247 रन बनाए और 8.24 की इकॉनमी से 21 विकेट झटके। घरेलू क्रिकेट में भी उनका प्रदर्शन प्रभावशाली रहा। उन्होंने 32 प्रथम श्रेणी मैचों में 737 रन बनाने के साथ 116 विकेट हासिल किए। लिस्ट-ए क्रिकेट में 32 मैचों में उनके नाम 400 रन और 51 विकेट दर्ज रहे, जबकि टी20 करियर में उन्होंने 49 मुकाबलों में 454 रन बनाए और 32 विकेट लिए।

गौतम के करियर का सबसे यादगार पल 2019 कर्नाटक प्रीमियर लीग में देखने को मिला, जब बेल्लारी टस्कर्स की ओर से खेलते हुए उन्होंने एक ही मैच में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन किया। उन्होंने 56 गेंदों पर 134 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 39 गेंदों में शतक शामिल था, और इसके बाद गेंदबाजी में 15 रन देकर 8 विकेट झटक दिए।

इसके अलावा, कृष्णप्पा गौतम ने कई मौकों पर इंडिया-ए टीम का भी प्रतिनिधित्व किया और अन्य प्रारूपों में भारतीय टीम में वापसी के करीब पहुंचे। जुझारूपन और दमदार प्रतिस्पर्धी भावना के लिए पहचाने जाने वाले गौतम ने अपने करियर में हमेशा बड़े खिलाड़ियों के खिलाफ बेखौफ खेल दिखाया और एक मेहनती व संघर्षशील क्रिकेटर के रूप में अपनी पहचान छोड़ गए।

————-

(Udaipur Kiran) दुबे

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *