Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
HARYANA

भूमिहीन परिवारों को जल्द मिलेंगे 100-100 गज के प्लाट : नायब सिंह सैनी

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी लाडवा के गांव में जनसभा को संबोधित करते हुए

-लाडवा क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने धन्यवादी एवं जनसंवाद कार्यक्रम में की शिरकत

चंडीगढ़, 20 दिसंबर (Udaipur Kiran) । हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश के भूमिहीन जरूतमंद परिवारों को सरकार द्वारा जल्द ही 100-100 गज के प्लाट आबंटित किए जाएंगे। प्रदेश के इन 7 हजार प्लाटधारकों को पीएम आवास योजना के साथ जोड़कर मकान निर्माण के लिए तय राशि दी जाएगी।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को कुरुक्षेत्र जिला के लाडवा विधानसभा क्षेत्र के गांव प्रलाहदपुर, बदरपुर व गांव बणी में धन्यवादी एवं जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान सम्बोधित कर रहे थे। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनी और मौके पर ही समाधान करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने गांव प्रलादपुर, बदरपुर और गांव बणी में विकास कार्यों के लिए 21-21 लाख रुपए देने की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री ने गांव प्रलाहदपुर में सरपंच सुमन सैनी द्वारा रखी गई सभी मांगों को विभागों से भेजकर पूरा करवाने का आश्वासन दिया और पीने के पानी की पाइप लाईन के लिए 47.46 लाख रुपए, हॉल निर्माण के लिए 11 लाख रुपए देने की घोषणा की है।

उन्होंने बदरपुर गांव के सरपंच कर्मवीर द्वारा रखी गई सभी 16 मांगों को विभागों को भेजकर पूरा करवाने, पीने के पानी की पाइप लाइन के लिए 43.31 लाख रुपए देने की घोषणा की है। गांव बणी के सरपंच द्वारा रखी गई सभी मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस दौरान अपने संबोधन में कहा कि सरकार ने मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत करीब 15 हजार 500 परिवारों को 30 गज का प्लाट देने का काम किया है। शीघ्र ही शहरी आवास योजना के तहत योग्य प्रार्थियों को दूसरी किस्त के रूप में 30-30 गज के प्लाट आबंटित किये जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार जल्द ही युवाओं के लिए विभिन्न पदों के लिए सरकारी भर्तियां निकाल कर नौकरियां देंगी।

उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान संकल्प पत्र में वायदा किया था कि शपथ ग्रहण समारोह से पहले युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। तीसरी बार सरकार बनने के बाद सबसे पहले युवाओं को किए हुए वायदे को पूरा किया है। प्रदेश के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ जब 25 हजार युवाओं को बिना खर्ची पर्ची के एक साथ योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरी मिली हो। उन्होंने कहा कि किडनी के मरीजों का डायलिसिस प्रदेश के सभी अस्पतालों, मेडिकल कॉलेज और हेल्थ यूनिवर्सिटी में फ्री में किया जा रहा है। इसके साथ ही जिन परिवारों की आय 1.80 लाख रुपए से कम है, ऐसे परिवार की महिलाओं को 500 रुपए में गैस का सिलेंडर उपलब्ध करवाया जा रहा है। प्रदेश में 15 लाख महिलाएं इस योजना के तहत 500 रुपए में गैस सिलेंडर प्राप्त कर रही है। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि जिन योग्य परिवारों की महिलाएं इस योजना से वंचित हैं, वो आवेदन करें और योजना का लाभ प्राप्त करें।

—————

(Udaipur Kiran) शर्मा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *