Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
BUSINESS

ट्रंप के टैरिफ बम के कारण शेयर बाजार में बड़ी गिरावट, निवेशकों के 6.60 लाख करोड़ स्वाहा

ट्रंप के टैरिफ बम के कारण निवेशकों को 6.60 लाख करोड़ स्वाहा

– लगातार छठे कारोबारी दिन कमजोरी के साथ बंद हुए सेंसेक्स और निफ्टी

नई दिल्ली, 26 सितंबर (Udaipur Kiran News) । अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा टैरिफ के नए ऐलान, आईटी सेक्टर के शेयरों में आई गिरावट, कमजोर ग्लोबल संकेतों और विदेशी निवेशकों की बिकवाली के कारण घरेलू शेयर बाजार आज लगातार छठे दिन गिरावट का शिकार हो गया। आज के कारोबार की शुरुआत भी कमजोरी के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद कुछ देर के लिए खरीदारों ने लिवाली का जोर बनाने की भी कोशिश की, लेकिन इसके बाद पूरे दिन बाजार में बिकवाली का दबाव बना रहा। दिनभर के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.90 प्रतिशत और निफ्टी 0.95 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए।

आज दिनभर के कारोबार के दौरान बीएसई के सभी सेक्टोरल इंडेक्स में लगातार बिकवाली का दबाव बना रहा। फार्मास्यूटिकल, आईटी, मेटल और एनर्जी सेक्टर के शेयरों में आज सबसे अधिक बिकवाली होती रही। इसके साथ ही पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज, बैंकिंग, ऑयल एंड गैस, ऑटोमोबाइल, कैपिटल गुड्स, कंज्यूमर ड्यूरेबल, एफएमसीजी और टेक इंडेक्स भी गिरावट के साथ बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार बिकवाली होती रही, जिसके कारण बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 1.96 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 2.05 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई कमजोरी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में साढ़े छह करोड़ रुपये से भी अधिक की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 450.75 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी गुरुवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 457.35 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 6.60 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।

आज दिनभर के कारोबार में बीएसई में 4,280 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 1,073 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 3,064 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 143 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,784 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 458 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 2,326 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 5 शेयर बढ़त के साथ और 25 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 7 शेयर हरे निशान में और 43 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 203.67 अंक की कमजोरी के साथ 80,956.01 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारी के सपोर्ट से ये सूचकांक उछल कर 81,033.09 अंक के स्तर पर पहुंच गया। इसके तुरंत बाद बाजार में बिकवाली शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक की कमजोरी बढ़ती चली गई। हालांकि खरीदार बीच-बीच में लिवाली का जोर बढ़ाने की कोशिश करते रहे, लेकिन बिकवाली का दबाव इतना अधिक था कि ये सूचकांक लगातार गिरता चला गया। खासकर, दोपहर 1 बजे के बाद बाजार में चौतरफा बिकवाली शुरू हो गई, जिसकी वजह से अगले 1 घंटे के कारोबार में ये सूचकांक जबरदस्त गिरावट का शिकार होकर 827.27 अंक टूट कर 80,332.41 अंक तक गिर गया। कारोबार के अंत में इंट्रा-डे सेटलमेंट की वजह से हुई मामूली खरीदारी के कारण सेंसेक्स निचले स्तर से 90 अंक से अधिक की रिकवरी करके 733.22 अंक की गिरावट के साथ 80,426.46 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 72.30 लुढ़क कर 24,818.55 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारी के सपोर्ट से थोड़ी ही देर में ये सूचकांक ओपनिंग लेवल से करीब 50 अंक उछल कर 24,868.60 अंक तक पहुंच गया। हालांकि ये तेजी अधिक देर तक टिक नहीं सकी। थोड़ी देर बाद ही बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से इस सूचकांक की गिरावट तेज हो गई। लगातार हो रही बिकवाली के कारण दोपहर 2 बजे के थोड़ी देर बाद ये सूचकांक 261.40 अंक की गिरावट के साथ 24,629.45 अंक तक आ गया। हालांकि आखिरी वक्त में दिन के सौदों के निपटारे के कारण निफ्टी निचले स्तर से करीब 25 अंक की रिकवरी करके 236.15 अंक की कमजोरी के साथ 24,654.70 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

दिनभर हुई खरीद-बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से लार्सन एंड टूब्रो 2.34 प्रतिशत, टाटा मोटर्स 1.29 प्रतिशत, आईटीसी 1.25 प्रतिशत, आयशर मोटर्स 0.87 प्रतिशत और रिलायंस इंडस्ट्रीज 0.38 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर महिंद्रा एंड महिंद्रा 3.78 प्रतिशत, इंडसइंड बैंक 3.78 प्रतिशत, इटरनल 3.39 प्रतिशत, टाटा स्टील 2.89 प्रतिशत और बजाज फाइनेंस 2.73 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

——-

(Udaipur Kiran) / योगिता पाठक

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *