प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ विधानसभा परिसर में कांग्रेस का प्रदर्शन, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने साधा निशाना

विधानसभा परिसर में कांग्रेस का प्रदर्शन

भोपाल, 4 दिसंबर (Udaipur Kiran) . Madhya Pradesh विधानसभा के शीतकालीन सत्र के तीसरे दिन गुरुवार को नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस विधायकों ने भाजपा सरकार के खिलाफ विधानसभा परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया. सरकार की नीतियों एवं निर्णयों के खिलाफ अपनी आपत्ति को दर्ज कराते हुए कांग्रेस विधायक दल ने “बंदर के हाथ में उस्तरा” कहावत का सांकेतिक प्रदर्शन किया. इस प्रदर्शन का उद्देश्य यह बताना था कि भाजपा सरकार के हाथ में सत्ता का उस्तरा आ जाने से वह प्रदेश की जनता के हितों को निरंतर चोट पहुँचा रही है.

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि बंदर रूपी भाजपा सरकार के हाथ में उस्तरा आ गया है और वह युवाओं के रोजगार, प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था, कानून-व्यवस्था और किसानों के अधिकारों पर बेरहमी से उस्तरा चला रही है. उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेरोज़गारी चरम पर है, स्वास्थ्य सुविधाएँ बदहाल हैं, कानून-व्यवस्था अस्त-व्यस्त है और किसान न्याय और अधिकारों के लिए तरस रहे हैं. सिंघार ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनता की मूल समस्याओं से मुंह मोड़कर केवल राजनीतिक स्टंट में लगी है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायक दल जनता की आवाज बनकर हर मोर्चे पर सरकार को कटघरे में खड़ा करता रहेगा. कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि वह प्रदेश की जनता के हितों, अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए सड़कों से लेकर विधानसभा तक संघर्ष जारी रखेगी.

—————

(Udaipur Kiran) / नेहा पांडे

Leave a Comment