Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
HEADLINES

काकोरी के अमर शहीदों को गृहमंत्री अमित शाह सहित नेताओं ने किया नमन

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (फाइल फोटो)।

नई दिल्ली, 19 दिसंबर (Udaipur Kiran) । स्वतंत्रता संग्राम के दाैरान अंग्रेजाें के खिलाफ काकोरी ट्रेन डकैती के नायक पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खां और ठाकुर रोशन सिंह के बलिदान दिवस पर देशभर में उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने इन अमर क्रांतिकारियों के सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि काकोरी ट्रेन एक्शन के माध्यम से इन वीरों ने स्वाधीनता संग्राम को नई ऊर्जा दी और ब्रिटिश हुकूमत की नींव हिला दी। उन्होंने कहा कि देश के संसाधनों पर देशवासियों का अधिकार हो, इस संकल्प को इन सेनानियों ने साकार किया और आने वाली पीढ़ियों के क्रांतिकारियों के लिए साहस व पराक्रम की प्रेरणा बने।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने तीनों शहीदों की साझा शहादत को नमन करते हुए कहा कि गंगा-जमुनी संस्कृति और विविधता में एकता ही भारत की बुनियाद है। उन्होंने कहा कि जो लोग हर विषय को सांप्रदायिक दृष्टि से देखते हैं, उन्हें इन अमर शहीदों की साझी विरासत से प्रेरणा लेनी चाहिए।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खान और रोशन सिंह की शहादत हिंदुस्तान की उस महान साझी विरासत की प्रतीक है, जहां करोड़ों भारतीयों ने मिलकर आजादी के लिए कुर्बानी दी। उन्होंने कहा कि शहीदों का सपना स्वतंत्रता, समानता, न्याय और बंधुत्व पर आधारित भारत का था, जिसे साकार करना ही सच्ची श्रद्धांजलि है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काकोरी ट्रेन एक्शन को भारत के स्वाभिमान की अमर गूंज बताते हुए कहा कि इन क्रांतिकारियों ने मातृभूमि के सम्मान और स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व अर्पित कर दिया। उनकी विरासत राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देती रहेगी।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि जब परतंत्रता की बेड़ियों में जकड़ा भारत था, तब इन क्रांतिदूतों ने काकोरी की धरती पर अंग्रेजी साम्राज्य की चूलें हिला दीं। उनके साहस ने सोए हुए राष्ट्र को जगाकर स्वतंत्रता संग्राम की दिशा बदल दी।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव ने कहा कि अमर शहीदों ने मातृभूमि की स्वतंत्रता के अटल संकल्प के लिए सर्वस्व न्यौछावर कर पूरे राष्ट्र को जागृत किया, जिसका ऋण देश कभी नहीं चुका सकता।

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी तीनों क्रांतिकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि राष्ट्रभक्ति और साहस से भरा उनका त्याग आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।

उल्लेखनीय है कि, 19 दिसंबर 1927 को काकोरी रेल एक्शन के महानायक पंडित राम प्रसाद बिस्मिल को गोरखपुर, अशफाक उल्ला खान को फैजाबाद और ठाकुर रोशन सिंह को प्रयागराज में फांसी दी गई।

—————

(Udaipur Kiran) / माधवी त्रिपाठी

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *