Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
HEADLINES

मप्र बना ‘बेस्ट वाइल्डलाइफ डेस्टिनेशन’, ‘ट्रेवल+लीजर इंडियाज बेस्ट अवॉर्ड्स-2025’ में मिलेगा प्रतिष्ठित सम्मान

‘ट्रेवल+लीजर इंडियाज बेस्ट अवॉर्ड्स-2025’ (प्रतीकात्मक तस्वीर)

भोपाल, 14 दिसंबर (Udaipur Kiran) । अतुल्य भारत का हृदय प्रदेश मध्य प्रदेश को अद्वितीय जैव-विविधता और नैसर्गिक घने जंगलों के लिए प्रतिष्ठित ‘ट्रेवल + लीजर इंडियाज बेस्ट अवॉर्ड्स 2025’ (Travel + Leisure India’s Best Awards 2025) में बेस्ट वाइल्डलाइफ डेस्टिनेशन’ (Best Wildlife Destination) से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान जल्द ही नई दिल्ली के आईटीसी मौर्य (ITC Maurya) स्थित नन्दिया गार्डन्स में आयोजित गरिमामयी समारोह में प्रदान किया जायेगा। यह अवॉर्ड्स का 14वां संस्करण है, जिसमें मध्य प्रदेश को देश के वन्यजीव अनुभवों के केंद्र (हार्ट आफ इंडिया वाइल्डलाइफ) के रूप में मान्यता दी गई है।

यह जानकारी मप्र के पर्यटन एवं संस्कृति राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने रविवार को मीडिया से बातचीत में दी। उन्होंने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश को ‘बेस्ट वाइल्डलाइफ डेस्टिनेशन’ का अवॉर्ड मिलना अत्यंत गौरव का विषय है। यह सम्मान इस बात का प्रमाण है कि प्रकृति ने मध्य प्रदेश को खुले हाथों से संवारा है और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार ने उस धरोहर को उतनी ही शिद्दत से सहेजा है। यह पुरस्कार पर्यटन विभाग, वन विभाग और उन सभी प्रकृति प्रेमियों को समर्पित है।

पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के अपर मुख्य सचिव शिव शेखर शुक्ला ने इस उपलब्धि को दूरदर्शी पर्यटन नीतियों का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि पुरस्कार मध्य प्रदेश की ‘कंजर्वेशन-लेड टूरिज्म’ (संरक्षण आधारित पर्यटन) नीति की सफलता को रेखांकित करता है। हमारा प्रयास केवल पर्यटकों की संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि उन्हें जंगल के नैसर्गिक सौंदर्य और जैव-विविधता का एक जिम्मेदार और यादगार अनुभव देना है। यह सम्मान हमें और अधिक प्रतिबद्धता के साथ ‘सस्टेनेबल टूरिज्म’ की दिशा में कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।

(Udaipur Kiran) तोमर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *