Skip to content
Saturday, 31 October 2026
BREAKING
HEADLINES

केंद्रीय मंत्री नड्डा से मिले मप्र के मुख्यमंत्री, 4 मेडिकल कॉलेजों के भूमि पूजन का दिया आमंत्रण

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री नड्डा से की भेंट

भोपाल, 03 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार देर शाम नई दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री नड्डा से मध्य प्रदेश में पीपीपी मॉडल पर प्रारंभ होने वाले चार मेडिकल कॉलेज के भूमि-पूजन के लिए आमंत्रण दिया। यह कार्यक्रम इस माह प्रस्तावित है।

दरअसल, मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुधवार को मंत्रालय में स्वास्थ्य, सहकारिता और महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा की। इसके बाद कृषि, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग और पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक होनी थी, लेकिन मुख्यमंत्री समीक्षा बैठक छोड़ अचानक दिल्ली रवाना हो गए। उन्होंने शाम को दिल्ली में केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात कर उन्हें पन्ना, बैतूल, कटनी और धार में पीपीपी मोड पर प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज के भूमिपूजन कार्यक्रम के लिए आमंत्रण दिया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दिल्ली में मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में अन्य क्षेत्रों के साथ स्वास्थ्य और चिकित्सा के क्षेत्र में निरंतर जन सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। अभी और चार नए मेडिकल कॉलेज का भूमि-पूजन कार्यक्रम प्रस्तावित है। इन मेडिकल कॉलेजों की स्थापना पन्ना, बैतूल, कटनी और धार में होगी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री नड्डा ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव के आंमत्रण को स्वीकार करते हुए सहमति प्रदान की है। शीघ्र ही तिथि निर्धारित कर 4 नए मेडिकल कॉलेजों का भूमि-पूजन किया जाएगा।

————–

(Udaipur Kiran) तोमर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *