Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
HEADLINES

दृष्टिबाधित महिला टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप जीतने वाली तीन खिलाड़ियों को मप्र सरकार देगी 25-25 लाख रुपये

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से टी20 वर्ल्ड कप क्रिकेट( ब्लाइंड) की तीन महिला खिलाड़ियों ने भेंट की
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से टी20 वर्ल्ड कप क्रिकेट( ब्लाइंड) की तीन महिला खिलाड़ियों ने भेंट की

– तीनों खिलाड़ियों की आगामी पढ़ाई और कोचिंग व्यवस्था करेगी राज्य सरकार : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल, 13 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । मध्‍य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से शनिवार को पहला दृष्टिबाधित महिला टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 का फाइनल जीतने वाली भारतीय टीम में शामिल मध्य प्रदेश की तीन महिला खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में भेंट की। खिलाड़ियों में सुनीता सराठे, सुषमा पटेल और दुर्गा येवले शामिल हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इस उपलब्धि के लिए तीनों खिलाड़ियों को प्रोत्साहन स्वरूप 25-25 लाख रुपये प्रदान किए जाएंगे, जिसमें से 10-10 लाख रूपये नकद और 15-15 लाख रुपये फिक्स्ड डिपॉजिट के रूप में होंगे।

इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने तीनों खिलाड़ियों और तीनों कोच का ट्राफी और अंगवस्त्रम भेंट कर सम्मान किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश का नाम रौशन करने वाली तीनों खिलाड़ियों की आगामी पढ़ाई और कोचिंग आदि की व्यवस्था भी राज्य सरकार द्वारा की जाएगी। मुख्यमंत्री ने महिला खिलाड़ियों के कोच सोनू गोलकर, ओमप्रकाश पाल और दीपक पाहड़े को एक-एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।

उल्लेखनीय है कि भारतीय महिला ब्लाइंड क्रिकेट टीम ने महिला टी-20 वर्ल्ड कप क्रिकेट 2025 के फाइनल मैच में नेपाल को हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। महिला ब्लाइंड क्रिकेट टीम में मध्य प्रदेश की उपरोक्त तीन प्रतिभावान खिलाड़ी शामिल थीं। इनमें ऑलराउंडर केटेगरी में खेलने वाली सुनीता सराठे नर्मदापुरम, सुषमा पटेल दमोह और बेट्समेन तथा विकेटकीपर के रूप में खेलने वाली दुर्गा येवले बैतूल से हैं।

_______________

(Udaipur Kiran) / उम्मेद सिंह रावत

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *