मप्रः पेंच से राजस्थान तक बाघिन की ऐतिहासिक उड़ान, एमआई-17 हेलीकॉप्टर से सफल स्थानांतरण

सिवनी, 21 दिसंबर(Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के पेंच टाइगर रिज़र्व से रविवार को राजस्थान के रामगढ़ विषधारी टाइगर रिज़र्व में एक बाघिन का सफलतापूर्वक स्थानांतरण किया गया। लगभग तीन वर्ष आयु की इस बाघिन को भारतीय वायुसेना के एमआई-17 हेलीकॉप्टर के माध्यम से पूरी सुरक्षा और सावधानी के साथ राजस्थान भेजा गया।
पेंच टाईगर रिजर्व प्रबंधन मिली जानकारी के अनुसार यह महत्वाकांक्षी स्थानांतरण अभियान पिछले एक माह से वैज्ञानिक पद्धतियों और सुव्यवस्थित योजना के तहत संचालित किया जा रहा था। पेंच टाइगर रिज़र्व प्रबंधन द्वारा चयनित बाघिन की गतिविधियों पर उन्नत एआई आधारित कैमरा ट्रैप एवं मोशन सेंसर कैमरों से निरंतर निगरानी की गई। इसके लिए क्षेत्र में लगभग 50 कैमरे स्थापित किए गए थे।
अभियान का संचालन राजस्थान वन विभाग के साथ घनिष्ठ समन्वय में किया गया। राजस्थान के मुख्य वन संरक्षक सुगनाराम जाट एवं पशु चिकित्सक डॉ. तेजिंदर द्वारा पूरे अभियान की निगरानी की गई। फील्ड डायरेक्टर देवप्रसाद जे. के सहयोग तथा उप संचालक रजनीश कुमार सिंह के मार्गदर्शन में यह कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
बाघिन का निश्चेतन डॉ. अखिलेश मिश्रा, डॉ. प्रशांत देशमुख (वाइल्डलाइफ कंज़र्वेशन ट्रस्ट), डॉ. काजल एवं डॉ. अमोल के साथ फील्ड बायोलॉजिस्ट अनिमेष चव्हाण के सहयोग से किया गया। स्थानांतरण के दौरान पेंच टाइगर रिज़र्व की मिशन लीडर सहायक संचालक सुश्री गुरलीन कौर (आईएफएस) सहित अधिकारियों की टीम हेलीकॉप्टर से राजस्थान पहुँची।
इस अभियान में कुरई एवं रुखड़ रेंज के मैदानी अमले की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही, जिन्होंने प्रतिदिन लंबे समय तक निगरानी, गश्त और कैमरा ट्रैप जांच कर अभियान को सफल बनाया।
(Udaipur Kiran) / रवि सनोदिया



