सोशल मीडिया स्टार बहनों की गिरफ्तारी, बेनीवाल के हस्तक्षेप के बाद बड़ी कार्रवाई
बीकानेर, 18 सितंबर (Udaipur Kiran News)। बीकानेर में ठेलेवाले की पिटाई मामले में आरोपी सोशल मीडिया स्टार बहनें ‘बीकानेर गर्ल’ और ‘बीकानेर क्वीन’ को आखिरकार जोरदार विरोध-प्रदर्शन के बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने भी हस्तक्षेप किया था।

सदर थानाधिकारी दिगपाल सिंह चारण ने बताया कि दोनों बहनों पर ठेलेवाले से मारपीट का आरोप है। मामले की जांच चल रही थी और दबाव बढ़ने पर दोनों बहनें खुद थाने पहुंचीं। फिलहाल इन्हें शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
दरअसल, बीकानेर में कथित ‘बीकानेर गर्ल’ और ‘बीकानेर शेरनी’ नाम से सोशल मीडिया पर सक्रिय युवती के खिलाफ कलेक्ट्रेट में बड़ी संख्या में लोग धरने पर बैठे। आरोप है कि इस युवती ने अपने समर्थकों के साथ एक ठेलेवाले युवक को बेरहमी से पीटा और जान से मारने की कोशिश की। पीड़ित युवक की मां धरने पर बैठी है और उनके समर्थन में बड़ी संख्या में युवा भी शामिल हुए। आरोप है कि मोनिका नामक युवती ढोला मारू के सामने ठेले पर पहुंची और युवक को धमकाया। चाकू से जान से मारने की धमकी देने के बाद उसने फोन कर साथियों को बुलाया और युवक की जमकर पिटाई करवाई। घायल युवक का अब भी इलाज जारी है। बढ़ते दबाव और पुलिस की सख्ती देखते हुए दोनों बहनों ने थाने में सरेंडर कर दिया।
गौरतलब है कि इससे पहले भी ‘बीकानेर शेरनी’ के नाम से मशहूर मोनिका राजपुरोहित और उनकी बहन के साथ जोधपुर में मारपीट हुई थी। उस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद मोनिका को जमकर ट्रोल भी होना पड़ा।



