Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
HEADLINES

मनोहर लाल और मोहन यादव ने भोपाल में मेट्रो रेल सेवा का किया शुभारंभ

भोपाल मेट्रोल का शुभारंभ कार्यक्रम
भोपाल मेट्रोल का शुभारंभ कार्यक्रम

– केंद्रीय मंत्री खट्‌टर और मुख्यमंत्री ने 30 बच्चों के साथ किया सफरभोपाल, 20 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में लंबे इंतजार के बाद शनिवार को मेट्रो रेल सेवा की शुरुआत हो गई । केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सिंगल क्लिक के माध्यम से भोपाल मेट्रो का औपचारिक शुभारंभ किया। कार्यक्रम में नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रभारी मंत्री चैतन्य काश्यप, मंत्री विश्वास सारंग, राज्यमंत्री कृष्णा गौर, महापौर मालती राय सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

उद्घाटन के बाद केंद्रीय मंत्री मनोहर और मुख्यमंत्री डॉ. यादव सुभाष नगर मेट्रो स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने भोपाल मेट्रो को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही दोनों नेताओं ने सुभाष नगर से एम्स तक मेट्रो में सफर किया। इस ऐतिहासिक उद्घाटन यात्रा में 30 स्कूली बच्चों सहित कुल करीब 300 लोग मेट्रो ट्रेन में सवार रहे। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एम्स मेट्रो स्टेशन पर पहुंचे, जहां उनके साथ नगरीय प्रशासन मंत्री विश्वास सारंग और भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

करीब सात साल बाद प्रदेश की राजधानी भोपाल में मेट्रो का सपना साकार हुआ है। मेट्रो का यह पहला चरण सुभाष नगर से एम्स तक 6.22 किलोमीटर लंबा है, जिसमें कुल 8 स्टेशन शामिल हैं। उद्घाटन से पहले सभी स्टेशनों पर रातभर तैयारियां चलीं और स्टेशनों को फूलों से सजाया गया। आम यात्रियों के लिए मेट्रो सेवा रविवार, 21 दिसंबर से शुरू हो जाएगी। मेट्रो सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक चलेगी। इससे शहर के सार्वजनिक परिवहन को नई गति मिलेगी और ट्रैफिक दबाव कम होने की उम्मीद है। खास बात यह है कि पहले ही दिन से यात्रियों को पूरा किराया चुकाना होगा।

इससे पहले भोपाल मेट्रोपॉलिटन सिटी का भी औपचारिक शुभारंभ किया गया। उद्घाटन समारोह कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर (मिंटो हॉल) में आयोजित हुआ, जिसमें कई मंत्री और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का रिकॉर्डेड वीडियो संदेश भी दिखाया गया।

गौरतलब है कि इसी वर्ष 31 मई को इंदौर मेट्रो के कमर्शियल रन के दौरान शुरुआती दिनों में मुफ्त यात्रा और बाद में किराए में छूट दी गई थी। भोपाल में भी ऐसी उम्मीद थी, लेकिन यहां शुरुआत से ही पूर्ण किराया लागू किया गया है। भोपाल मेट्रो दोनों दिशाओं में कुल 17 ट्रिप लगाएगी एम्स से सुभाष नगर के बीच 9 और सुभाष नगर से एम्स के बीच 8 ट्रिप। एक स्टेशन से दूसरे स्टेशन तक पहुंचने में महज 3 से 4 मिनट लगेंगे। मेट्रो का अंतराल लगभग 75 मिनट रहेगा और अधिकतम गति 40 किमी प्रति घंटा होगी।

सभी स्टेशनों पर एस्केलेटर, लिफ्ट और रैंप की सुविधा दी गई है। सुभाष नगर, डीबी मॉल और एमपी नगर स्टेशनों पर फुट ओवरब्रिज बनाए गए हैं, जिससे सड़क पार करना आसान होगा। रानी कमलापति मेट्रो स्टेशन को फुट ओवरब्रिज के जरिए रेलवे स्टेशन से जोड़ा गया है। भोपाल मेट्रो के शुरू होने से राजधानी में शहरी परिवहन को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।___________________

(Udaipur Kiran) तोमर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *