Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
HEADLINES

यौन शोषण के आरोप में स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती आगरा से गिरफ्तार, कई छात्राओं ने लगाए गंभीर आरोप

नई दिल्ली, 28 सितंबर (Udaipur Kiran News)। दिल्ली पुलिस ने यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना कर रहे स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती उर्फ पार्थ सारथी को आगरा से गिरफ्तार कर लिया है। उन पर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) की छात्रवृत्ति के तहत पीजीडीएम पाठ्यक्रम कर रही कई छात्राओं से यौन शोषण के गंभीर आरोप लगे हैं।

स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती

दक्षिण पश्चिम जिले के डीसीपी अमित गोयल ने बताया कि दिल्ली पुलिस की टीम ने देर रात स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती को आगरा के एक होटल से गिरफ्तार किया। टीम उसे लेकर दिल्ली रवाना हो चुकी है और आज अदालत में पेश किया जाएगा।

पुलिस के अनुसार, स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती के खिलाफ वसंत कुंज उत्तर थाना में 4 अगस्त को एक शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि संस्थान में EWS छात्रवृत्ति योजना के तहत पढ़ रही छात्राओं का स्वामी द्वारा यौन उत्पीड़न किया गया।

अब तक पुलिस ने 32 छात्राओं के बयान दर्ज किए हैं, जिनमें से 17 छात्राओं ने स्वामी पर अपमानजनक भाषा, अश्लील व्हाट्सएप/एसएमएस संदेश और अनचाहे शारीरिक संपर्क के आरोप लगाए हैं। कई छात्राओं ने यह भी कहा कि संस्थान में कार्यरत महिला संकाय सदस्य और प्रशासक उन्हें आरोपित की मांगें पूरी करने के लिए दबाव डालती थीं।

स्वामी के फरार होने के बाद पुलिस ने उनके ट्रस्ट से जुड़े 18 बैंक खाते और 28 फिक्स डिपॉजिट फ्रीज करवा दिए थे, जिनमें करीब 8 करोड़ रुपये जमा थे। साथ ही, आरोपित के डेबिट और क्रेडिट कार्ड भी बंद करा दिए गए।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *