Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
SPORTS

कोहली-गायकवाड़ के शतकों पर भारी पड़ा मार्करम का तूफान, दक्षिण अफ्रीका ने रायपुर वनडे में 4 विकेट से जीतकर सीरीज 1-1 की

दक्षिण अफ्रीका ने रायपुर वनडे में 4 विकेट से जीतकर सीरीज 1-1 की

रायपुर, 03 दिसंबर (Udaipur Kiran) । भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली के लगातार दूसरे शतक और रुतुराज गायकवाड़ की लाजवाब पारी के बावजूद दक्षिण अफ्रीका ने बुधवार को रायपुर में खेले गए दूसरे वनडे मैच में 359 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए चार विकेट से जीत हासिल की और तीन मैचों की सीरीज को 1-1 से बराबर कर दिया।

भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 358/5 का विशाल स्कोर खड़ा किया। रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल के शुरुआती झटकों के बाद कोहली (102) और गायकवाड़ (105) ने तीसरे विकेट के लिए 195 रनों की साझेदारी कर पारी को संभाला। अंतिम ओवरों में कप्तान केएल राहुल (66*), रवींद्र जडेजा और सूर्यकुमार यादव ने तेज बल्लेबाज़ी करते हुए टीम को मज़बूत स्थिति में पहुंचाया।

इसके बाद दक्षिण अफ्रीका ने भी आक्रामक अंदाज़ में जवाब दिया। कप्तान एडन मार्करम ने 110 रनों की धांसू पारी खेलते हुए शुरुआती झटकों की भरपाई की। उन्होंने टेम्बा बावुमा (46) और मैथ्यू ब्रीट्ज़के (68) के साथ महत्वपूर्ण साझेदारियां कीं। डेवाल्ड ब्रेविस ने ताबड़तोड़ अर्धशतक लगाया, जिससे मैच अफ्रीका की पकड़ में आता गया।

अंतिम क्षणों में टोनी डी जोरजी चोटिल होकर रिटायर्ड हर्ट हुए, लेकिन इसके बाद कॉर्बिन बॉश और केशव महाराज ने शांत रहते हुए दक्षिण अफ्रीका को चार गेंद शेष रहते लक्ष्य तक पचा दिया। यह दक्षिण अफ्रीका का तीसरा सबसे बड़ा सफल वनडे रनचेज़ रहा।

भारत इस मैच में गेंदबाजी और मध्य ओवरों में विकेट लेने के मौके गंवाने की वजह से पिछड़ गया। लगातार दूसरे मैच में बल्लेबाजी चमकी, लेकिन गेंदबाजी कमजोर कड़ी साबित हुई।

सीरीज का तीसरा और निर्णायक मुकाबला शनिवार को विशाखापट्टनम में खेला जाएगा, जहां दोनों टीमें खिताब पर कब्ज़ा जमाने उतरेंगी।

—————

(Udaipur Kiran) / आकाश कुमार राय

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *