शिमला के कोटखाई में भीषण आग, आठ परिवार बेघर

शिमला, 03 दिसंबर (Udaipur Kiran) । शिमला जिले के कोटखाई तहसील के बड़वी गांव में बुधवार दोपहर एक रिहायशी मकान में भीषण आग लग गई। यह आग करीब 12:15 बजे लगी और कुछ ही देर में तेजी से फैलते हुए आसपास के घरों को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही थाना पुलिस कोटखाई और दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
जानकारी के अनुसार आग प्रकाश सांवत पुत्र जोबन दास के घर से शुरू हुई, जिसके बाद लकड़ी से बने होने के कारण मकान तेजी से धधकते चले गए। आग की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि इस घटना में आठ परिवारों के लगभग 50 कमरे पूरी तरह जलकर राख हो गए। इस अग्निकांड में प्रकाश, प्रताप, बलवीर, सुरेश, सीमित भूस्तू, राजेंद्र और ओम के घर पूरी तरह तबाह हो गए हैं।
दमकल विभाग के चार वाहन मौके पर लगातार आग बुझाने में जुटे हैं। हालांकि आग को काफी हद तक नियंत्रित कर लिया गया है, मगर अभी भी धुआं उठना जारी है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
आग लगने से प्रभावित परिवारों का सारा सामान जलकर नष्ट हो चुका है। प्रशासन की ओर से तत्काल राहत के रूप में प्रत्येक प्रभावित परिवार को 5–5 हजार रुपये की फौरी सहायता प्रदान की गई है। साथ ही प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवारों के रहने की व्यवस्था और अन्य आवश्यक सामान उपलब्ध करवाया जा रहा है।
स्थानीय लोग, पंचायत प्रतिनिधि और प्रशासनिक टीमें आग बुझाने और प्रभावितों की सहायता के कार्य में लगातार जुटे हुए हैं। गांव में आग की इस बड़ी घटना से लोगों में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है।
—————
(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा



