Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HEADLINES

माता वैष्णो देवी यात्रा फिर से शुरू, श्रद्धालुओं में उमड़ा उत्साह, 22 दिनों बाद स्थगन हटा

कटरा, 17 सितंबर (Udaipur Kiran News)। जयकारों और उत्साह के बीच जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले की त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर की तीर्थयात्रा बुधवार से फिर शुरू हो गई। हाल ही में आए विनाशकारी भूस्खलन के चलते यह यात्रा 22 दिनों तक स्थगित रही थी। इस हादसे में 34 लोगों की मौत हुई थी और 20 अन्य घायल हुए थे।

माता वैष्णो देवी यात्रा फिर से शुरू

माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड (SMVDSB) ने अनुकूल मौसम और मार्ग की मरम्मत कार्य पूर्ण होने के बाद आज सुबह यात्रा बहाल करने की घोषणा की। इसके बाद कटरा, जो इस तीर्थ का आधार शिविर है, वहां डेरा डाले श्रद्धालुओं के चेहरे खिल उठे।

सुबह तड़के ही बाणगंगा दर्शनी द्वार पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्रित हुए और यात्रा शुरू होते ही उन्होंने अपार खुशी और राहत व्यक्त की।

श्राइन बोर्ड के अधिकारियों ने बताया कि खराब मौसम और मार्ग की मरम्मत के कारण यात्रा अस्थायी रूप से स्थगित थी, लेकिन अब मंदिर की ओर जाने वाले दोनों रास्तों से सुबह 6 बजे से यात्रा शुरू कर दी गई। श्रद्धालुओं को वैध पहचान पत्र साथ रखने, निर्धारित मार्गों का पालन करने और जमीनी कर्मचारियों के साथ सहयोग करने की हिदायत दी गई है। पारदर्शिता और सुरक्षा के लिए रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिटी कार्ड आधारित ट्रैकिंग अनिवार्य की गई है।

अस्थायी निलंबन के दौरान धैर्य रखने के लिए बोर्ड ने श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया और कहा कि यात्रा का फिर से शुरू होना सामूहिक आस्था और दृढ़ संकल्प का प्रतीक है। बोर्ड ने आश्वासन दिया कि इस पवित्र स्थल की पवित्रता, सुरक्षा और गरिमा बनाए रखने के लिए पूरा प्रयास जारी रहेगा।

महाराष्ट्र से आए श्रद्धालुओं के एक समूह ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इंतजार कठिन था, लेकिन अब यात्रा फिर से शुरू होने से आस्था पूरी हुई है।

यात्रा के पुनः शुरू होने से श्रद्धालुओं ने इसे आशीर्वाद बताया और अधिकारियों को धन्यवाद दिया। बोर्ड ने सभी यात्रियों से सुरक्षा नियमों का पालन करने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।

अब मार्ग पूरी तरह सुरक्षित घोषित हो चुका है और आने वाले दिनों में, खासकर 22 सितंबर से 1 अक्टूबर तक चलने वाले नवरात्रि पर्व में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है।

गौरतलब है कि 26 अगस्त को मंदिर मार्ग पर आए बड़े भूस्खलन के बाद यात्रा स्थगित कर दी गई थी।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *