किशोरी का धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में मौलवी गिरफ्तार

हमीरपुर, 17 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश में हमीरपुर के जिले मझगवां थाना क्षेत्र में पुलिस ने बुधवार काे किशोरी का धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में वांछित मौलवी को गिरफ्तार किया है।
मझगवां थाना प्रभारी मयंक चंदेल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित की पहचान महोबा जनपद के जैतपुर बेलाताल कस्बा निवासी 60 वर्षीय जब्बार उर्फ हाफिज जी उर्फ मौलवी के रूप में हुई है। आरोपित के खिलाफ 19 जुलाई को मझगवां थानामें मुकदमा दर्ज किया गया था। तब से वह पुलिस से बचने के लिए लगातार फरार चल रहा था। आरोपित पर एक किशोरी को बहला-फुसलाकर उसका धर्म परिवर्तन कराने का आरोप है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपित की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई थी।
टीम काे सूचना प्राप्त हुई कि आरोपित महोबा जनपद के बेलाताल जैतपुर कस्बे में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम 2021 की धारा 3/5 के तहत कार्रवाई की गई है। थाना प्रभारी का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और आवश्यकतानुसार अन्य धाराएं भी बढ़ाई जा सकती हैं।
—————
(Udaipur Kiran) / पंकज मिश्रा



