Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

आत्मनिर्भर और डंपसाइट फ्री शहरों के लक्ष्य के साथ उत्तर- मध्य राज्यों की बैठक संपन्न

शहरी विकास मंत्रियों की क्षेत्रीय बैठक (उत्तरी एवं मध्य राज्य)

– नगरीय नवाचार, विरासत और मेट्रो विस्तार से मप्र बनेगा शहरी विकास का मॉडल: मोहन यादव

भोपाल, 21 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में शनिवार को उत्तर मध्य राज्यों के नगरीय विकास मंत्रियों की क्षेत्रीय बैठक सम्पन्न हुई। बैठक के समापन सत्र में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल हुए और केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर का स्वागत किया। इस अवसर पर मध्य प्रदेश के नगरीय आवास एवं विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आत्मीय स्वागत किया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश शहरी विकास में आधुनिक तकनीक, नवाचार और अपनी समृद्ध विरासत के समन्वय के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने भोपाल की बड़ी झील के निर्माण का उल्लेख करते हुए कहा कि यह हमारे पूर्वजों के प्राचीन निर्माण और अद्वितीय अभियांत्रिकी कौशल का जीवंत उदाहरण है, जो आज भी नगर नियोजन के लिए प्रेरणा देता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुशाभाऊ ठाकरे सभागृह, जिसे पहले मिंटो हॉल के नाम से जाना जाता था, हमारी विरासत का प्रतीक है और ऐसे ऐतिहासिक स्थल पर अन्य राज्यों से आए अतिथियों का स्वागत करना गौरव की बात है।

समापन सत्र की शुरुआत में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि शहरी विकास के क्षेत्र में हमें धीरे-धीरे आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ना होगा और बजट के अनुरूप योजनाबद्ध तरीके से कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि किसी भी शहर के लिए विशेष प्रोजेक्ट डिजाइन कर केंद्र को भेजा जा सकता है, ताकि स्थानीय जरूरतों के अनुरूप समाधान सुनिश्चित हो सके।

केंद्रीय मंत्री खट्टर ने कहा कि देश को “डंपसाइट फ्री” बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इस दिशा में मध्य प्रदेश की प्रगति की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश जल्द ही डंपसाइट फ्री होने की ओर अग्रसर है। उन्होंने सुझाव दिया कि डंपसाइट को मंत्री और अधिकारी गोद लें, नियमित मॉनिटरिंग करें और एक वर्ष के भीतर उन्हें समाप्त करने का लक्ष्य लेकर काम करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छता ऐसा विषय है, जिसमें पुरानी लीगेसी वेस्ट को खत्म करना बेहद जरूरी है।

इंदौर में 3.3 किमी लंबी अंडरग्राउंड मेट्रो को मंजूरी, मुख्यमंत्री ने जताया आभारपरिवहन और मेट्रो परियोजनाओं पर चर्चा करते हुए खट्टर ने कहा कि मेट्रो नेटवर्क के विस्तार के साथ लास्ट माइल कनेक्टिविटी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने इंदौर में 3.3 किलोमीटर के अंडरग्राउंड मेट्रो निर्माण को हरी झंडी मिलने की जानकारी भी दी। इस पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्र सरकार और केंद्रीय मंत्री श्री खट्टर के प्रति आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश को एक वर्ष में दो मेट्रो परियोजनाओं की सौगात मिली है। ये शहरी परिवहन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इंदौर की कान्ह नदी के दूषित जल को शिप्रा नदी में जाने से रोकने के लिए राज्य सरकार ने नवाचार के रूप में विशेष परियोजना तैयार की है। इसके साथ ही प्रदेश में नदी जोड़ो अभियान पर भी प्रभावी रूप से कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि शिप्रा नदी में वर्षा जल के संग्रहण की व्यवस्था की जा रही है, जिससे सिंहस्थ 2028 के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध और पवित्र जल में पुण्य स्नान का अवसर मिलेगा।

अमृत योजना के तहत मध्यप्रदेश के कार्यों की सराहना करते हुए केंद्रीय मंत्री खट्टर ने कहा कि राज्य ने इस योजना में बेहतर प्रदर्शन किया है। साथ ही नदियों के किनारे की बसाहटों को प्राथमिकता देने की योजना पर भी सकारात्मक चर्चा हुई। प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति पर उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और उत्तरप्रदेश देश के अग्रणी राज्य रहे हैं। उन्होंने कहा कि रेंटल हाउसिंग की संभावनाओं पर भी विचार किया जा रहा है। जिससे काम के सिलसिले में दूसरे इलाके जाने वाले लोगों को मदद मिलेगी। इसके साथ ही “अंगीकार कैंपेन” को तीन महीने के लिए बढ़ाने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश में आगामी समय में दो मेट्रोपॉलिटन क्षेत्रों का विकास किया जाएगा, जिससे नियोजित शहरीकरण, बेहतर अधोसंरचना और नागरिक सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।

बैठक में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय विकास मंत्री अरुण साव, मध्य प्रदेश के नगरीय आवास एवं विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, उत्तर प्रदेश के मंत्री अरविंद कुमार शर्मा एवं राकेश राठौर सहित विभिन्न राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने शहरी विकास, स्वच्छता, आवास और परिवहन के क्षेत्रों में आपसी सहयोग से आगे बढ़ने पर सहमति व्यक्त की।

(Udaipur Kiran) तोमर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *