Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
WEST BENGAL

तमलुक में नहरों की मरम्मत व बाढ़ नियंत्रण की मांग को लेकर सिंचाई व प्रशासनिक दफ्तरों में ज्ञापन

तमलुक में सिंचाई व प्रशासनिक दफ्तरों में ज्ञापन

पूर्व मेदिनीपुर, 25 दिसंबर (Udaipur Kiran) । तमलुक महकमा क्षेत्र में विभिन्न निकासी नहरों की मरम्मत और बाढ़ नियंत्रण के स्थायी उपायों की मांग को लेकर पूर्व मेदिनीपुर जिला बाढ़–कटाव प्रतिरोध समिति की ओर से सोमवार शाम सिंचाई विभाग और प्रशासनिक दफ्तरों में ज्ञापन सौंपा गया।

समिति की ओर से तमलुक स्थित सिंचाई विभाग के कार्यपालक अभियंता, एसडीओ कार्यालय तथा जिलाधिकारी कार्यालय में अपनी 11 सूत्री मांगों को लेकर ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। ज्ञापन में मांग की गई कि तमलुक महकमा के सोयादिघी–गंगाखाली–देनान–कामिना–टोपा–जयगोपाल सहित जिन निकासी नहरों की मरम्मत का काम बरसात से पहले शुरू हुआ था, उसे विभागीय अनुसूची के अनुसार दोबारा शुरू कर कार्य की गति बढ़ाई जाए और आगामी मानसून से पहले पूरा किया जाए।

इसके साथ ही देनान–देहाटी जलनिकासी परियोजना का पूर्ण रूप से क्रियान्वयन, न्यू कांसाई नदी के मयना के रामचंद्रपुर से पांशकुड़ा के श्यामपुर तक के हिस्से का संपूर्ण पुनरुद्धार तथा रूपनारायण नदी के जशाड़ से देनान तक के हिस्से की पूर्ण मरम्मत की भी मांग रखी गई।

अन्य प्रमुख मांगों में जाफुली, चापड़ा–गाजई, खरिचक, नोयाबेनिया सहित जिन नहरों के लिए अब तक निविदा प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है, उनके लिए शीघ्र योजना बनाकर टेंडर प्रक्रिया शुरू करना, नहर मरम्मत से पहले भूमि चिन्हांकन, नहर के भीतर मौजूद पेड़ों की कटाई, अवैध संरचनाओं को हटाना और कटिंग चार्ट के अनुसार खुदाई सुनिश्चित करना शामिल है।

इसके अलावा नहरों से निकली मिट्टी का उपयोग तटबंध मजबूत करने में करने, देहाटी नहर के पांशिला क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा बनाए गए अवरोध को हटाने, विभिन्न बाजार क्षेत्रों में नहरों में कचरा फेंकने पर रोक लगाने तथा जिन लॉकगेटों के विद्युतीकरण की अनुमति मिल चुकी है, उन्हें शीघ्र चालू करने की मांग भी की गई।

डेपुटेशन प्रतिनिधि दल में समिति के संयुक्त सचिव नारायण चंद्र नायक, सह–अध्यक्ष मधुसूदन बेरा, निवास मानिक, सह–संपादक प्रशांत सामंत सहित अन्य सदस्य शामिल थे।

सिंचाई विभाग के कार्यपालक अभियंता, एसडीओ (सिंचाई), एसडीओ तथा जिलाधिकारी की ओर से जिला परिषद सचिव ने ज्ञापन स्वीकार किया।

अधिकारियों ने सभी मांगों की तार्किकता स्वीकार करते हुए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया है।

(Udaipur Kiran) / अभिमन्यु गुप्ता

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *