Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HEADLINES

अनंत चतुर्दशी से पहले मुंबई में धमकी, WhatsApp पर मिला मैसेज: 400 किलो RDX 34 गाड़ियों में फिट किया

मुंबई, 5 सितंबर (Udaipur Kiran News)। गणेशोत्सव के अंतिम दिन अनंत चतुर्दशी से पहले मुंबई पुलिस को गुरुवार देर रात एक बड़ी धमकी मिली है। वॉट्सएप पर भेजे गए मैसेज में दावा किया गया कि लश्कर-ए-जिहादी के 14 आतंकी शहर में घुस चुके हैं और वे 400 किलो RDX 34 गाड़ियों में फिट कर बड़े धमाके की योजना बना रहे हैं। संदेश में यह भी लिखा गया कि इन विस्फोटों में एक करोड़ लोगों की मौत हो सकती है।

WhatsApp

हाई अलर्ट पर मुंबई पुलिस

धमकी मिलते ही मुंबई पुलिस ने पूरे शहर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया। क्राइम ब्रांच ने जांच शुरू कर दी है और एंटी-टेररिज्म स्क्वॉड (ATS) सहित अन्य सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया है। पुलिस ने शहर के संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाई है और कई जगहों पर कॉम्बिंग ऑपरेशन चल रहे हैं।

अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।

पहले भी मिली थी झूठी धमकी

25 अगस्त को महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक रेलवे स्टेशन को उड़ाने की धमकी दी गई थी। हालांकि जांच में यह धमकी झूठी निकली और पुलिस ने 43 वर्षीय आरोपी रूपेश मधुकर रणपिसे को गिरफ्तार किया था।

मुंबई में हुए बड़े आतंकी हमले और धमाके

  • 12 मार्च 1993: मुंबई सीरियल ब्लास्ट – 12 जगहों पर विस्फोट, 257 मौतें, 700 घायल।

  • 2 दिसंबर 2002: घाटकोपर बस धमाका – 2 मौतें, 50 घायल।

  • 27 जनवरी 2003: विले पार्ले साइकिल बम धमाका – 1 मौत, 28 घायल।

  • 13 मार्च 2003: मुलुंड ट्रेन ब्लास्ट – 10 मौतें, 70 घायल।

  • 28 जुलाई 2003: घाटकोपर बस धमाका (दूसरी बार) – 4 मौतें, 32 घायल।

  • 25 अगस्त 2003: गेटवे ऑफ इंडिया और झवेरी बाजार ट्विन ब्लास्ट – 52 मौतें, 300 घायल।

  • 11 जुलाई 2006: मुंबई लोकल ट्रेन ब्लास्ट – 7 धमाके, 189 मौतें, 824 घायल।

  • 26 नवंबर 2008: 26/11 आतंकी हमला – ताज होटल, रेलवे स्टेशन, अस्पताल पर हमला, 80 मौतें, 250 घायल।

  • 13 जुलाई 2011: झवेरी बाजार, ओपेरा हाउस, दादर में तीन धमाके – 19 मौतें, 130 घायल।

अनंत चतुर्दशी के मौके पर सुरक्षा को देखते हुए पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतने के मूड में नहीं हैं।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *