जयपुर में राज्य सरकार व मूंधड़ा ट्रस्ट के मध्य हुआ एमओयू

जयपुर/ बीकानेर, 17 दिसंबर (Udaipur Kiran) । सी एम मूंधड़ा मेमोरियल चेरिटेबल ट्रस्ट मुम्बई द्वारा बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में 100 करोड़ से भी ज्यादा की लागत से बनी मेडिसिन विंग का तौहफा जल्द ही पूरे बीकानेर संभाग के मरीजों को मिलने वाला है।
चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर, मंत्री जोगाराम पटेल, प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य गायित्री राठौड़, आयुक्त चिकित्सा शिक्षा विभाग नरेश गोयल व ट्रस्ट के मुख्य ट्रस्टी कन्हैयालाल मूंधड़ा व देवकिशन मूंधड़ा के मध्य आरयूएचएस जयपुर में एमओयू किया गया।
ट्रस्ट प्रतिनिधि द्वाराकाप्रसाद पचीसिया के अनुसार एमओयू में हुई शर्तानुसार ट्रस्ट को सी एम मूंधड़ा चेरिटेबल ट्रस्ट मेडिसिन विंग पीबीएम अस्पताल बीकानेर को राज्य सरकार को शीघ्र हस्तांतरित करना प्रस्तावित है। इस समझौते के बाद इस अस्पताल में संचालित सभी व्यवस्थाओं का संचालन ट्रस्ट एवं अस्पताल द्वारा संयुक्त रूप से किया जाएगा। जल्द ही जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में इस सी एम मूंधड़ा मेमोरियल हॉस्पिटल पीबीएम बीकानेर का उद्धघाटन कर जनता की सेवा में राज्य सरकार को सुपुर्द कर दिया जाएगा।
ट्रस्ट प्रवक्ता सावन पारीक ने बताया कि इस अवसर पर सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज बीकानेर के प्रधानाचार्य डॉ सुरेंद्र कुमार वर्मा, सी एम मूंधड़ा चेरिटेबल ट्रस्ट सचिव राजेश लदरेचा, उद्योगपति श्यामसुंदर सोनी, डॉ जितेंद्र आचार्य, सी ए संदीप पुरोहित आदि उपस्थित हुए।
—————
(Udaipur Kiran) / राजीव



