Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

एमपीयूएटी का 19वां दीक्षांत समारोह 22 दिसंबर को, 1181 विद्यार्थियों को मिलेगी उपाधि

उदयपुर

उदयपुर, 20 दिसंबर (Udaipur Kiran) । महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमपीयूएटी) का 19वां दीक्षांत समारोह 22 दिसंबर, सोमवार को पूर्वाह्न 10:50 बजे होगा। समारोह की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। यह दीक्षांत समारोह आरएनटी मेडिकल कॉलेज परिसर स्थित सभागार में होगा, जिसकी अध्यक्षता राजस्थान के माननीय राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति हरिभाऊ बागड़े करेंगे।

समारोह में राजस्थान सरकार के कृषि एवं उद्यानिकी मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। दीक्षांत उद्बोधन यूनेस्को द्वारा संचालित महात्मा गांधी शांति एवं विकास संस्थान के अध्यक्ष तथा गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय, ग्रेटर नोएडा के पूर्व कुलपति प्रोफेसर भगवती प्रकाश शर्मा देंगे।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अकादमिक सत्र 2024-25 में उत्तीर्ण कुल 1181 छात्र-छात्राओं को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इनमें 934 स्नातक, 171 स्नातकोत्तर (निष्णात) तथा 76 शोधार्थी (पीएचडी) शामिल हैं। ये विद्यार्थी कृषि, इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी, सामुदायिक विज्ञान, डेयरी एवं खाद्य प्रौद्योगिकी तथा मत्स्य पालन सहित विभिन्न संकायों से हैं।

दीक्षांत समारोह में शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए कुल 44 स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे। स्वर्ण पदक पाने वालों में 17 छात्र और 27 छात्राएं शामिल हैं। विशेष बात यह है कि इसी अकादमिक सत्र से कुलगुरु स्वर्ण पदक प्रदान करने की परंपरा की शुरुआत की जा रही है।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि समारोह में शामिल होने वाले सभी विद्यार्थी एवं शिक्षक सफेद या क्रीम रंग की निर्धारित पोशाक (ड्रेस कोड) में उपस्थित होंगे। बिना प्रवेश पत्र और निर्धारित पोशाक के प्रवेश वर्जित रहेगा। विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों के विद्यार्थी अलग-अलग रंग के बैज एवं उपरणा धारण करेंगे।

कार्यक्रम में विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति, पूर्व कुलपति, प्रबंध मंडल एवं अकादमिक परिषद के सदस्य, संकाय सदस्य, छात्र-छात्राएं तथा उनके अभिभावक शामिल होंगे। दीक्षांत समारोह का पूर्वाभ्यास रविवार दोपहर 3:30 बजे होगा।

—————

(Udaipur Kiran) / सुनीता

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *