नगर निगम प्रशासक और आयुक्त ने स्वच्छता के संकल्प को साकार करने के लिए हाथ में थामी झाड़ू



जयपुर, 16 दिसंबर (Udaipur Kiran) । राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर नगर निगम जयपुर ने स्वच्छता को जन आंदोलन का रूप देते हुए निगम मुख्यालय सहित शहर के सभी जोन कार्यालयों में वृहद सफाई अभियान चलाया। मंगलवार सुबह 10 बजे शुरू हुआ यह अभियान एक घंटे से अधिक समय तक चला। जिसमें अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।
अभियान के दौरान निगम प्रशासक पूनम एवं निगम आयुक्त डॉ. गौरव सैनी ने स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता का सशक्त संदेश दिया। नगर निगम जयपुर प्रशासक पूनम ने इस अवसर सभी जयपुर वासियों से अपील भी की कि वह खुले में कचरा न फेंके और शहर को स्वच्छ रखने के लिए एक जिम्मेदार नागरिक होने का कर्तव्य निभाएं। शहर की सड़कों,विरासत स्थलों सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखें और कचरे को निर्धारित कचरा पात्र में ही डालें।
आयुक्त डॉ गौरव सैनी ने कहा कि स्वच्छ शहर ही स्वस्थ और विकसित शहर की पहचान है तथा इसमें जनभागीदारी सबसे अहम कड़ी है। स्वच्छता अभियान में निगम मुख्यालय परिसर की व्यापक सफाई के साथ कचरे का पृथक्करण एवं समुचित निस्तारण किया गया। साथ ही शहर के सभी जोन कार्यालयों में भी एक साथ सफाई अभियान चलाकर स्वच्छ जयपुर के संकल्प को मजबूती दी गई।
इस अवसर पर अतिरिक्त आयुक्त नरेंद्र बंसल, प्रवीण कुमार, अतिरिक्त मुख्य अभियंता श्रवण वर्मा, अधीक्षण अभियंता नितिन शर्मा,उपायुक्त स्वास्थ्य ओमप्रकाश थानवी सहित निगम के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता श्रमदान किया।
—————
(Udaipur Kiran)



