Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HimachalPradesh

मुस्कान नेगी पीएचडी करने वाली प्रदेश की पहली शत-प्रतिशत दृष्टिबाधित महिला बनीं

मुस्कान अपने शोध निदेशक के साथ।

शिमला, 14 दिसंबर (Udaipur Kiran) । भारतीय चुनाव आयोग की यूथ आईकॉन, बेहतरीन दृष्टिबाधित गायिका और असिस्टेंट प्रोफेसर मुस्कान नेगी के खाते में एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से पीएचडी की उपाधि प्राप्त करने वाली वह पहली शत-प्रतिशत महिला दृष्टिबाधित हैं।

उमंग फाउंडेशन के अध्यक्ष प्रो. अजय श्रीवास्तव ने बताया कि डॉ. मुस्कान नेगी ने डॉ. मृत्युंजय शर्मा के निर्देशन में संगीत विषय में पीएचडी की पढ़ाई पूरी की। वह शिमला के राजकीय कन्या महाविद्यालय (आरकेएमवी) में असिस्टेंट प्रोफेसर और दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए कार्यरत संस्था उमंग फाउंडेशन की ब्रांड एंबेसडर भी हैं।

उन्हें इस सफलता के लिए आरकेएमवी की प्रिंसिपल प्रो. अनुरिता सक्सेना ने बधाई दी है।

डॉ. मुस्कान नेगी के शोध निर्देशक डॉ. मृत्युंजय शर्मा के अनुसार विश्वविद्यालय से संगीत विषय में एमए, एमफिल और पीएचडी की पढ़ाई के दौरान इस प्रतिभाशाली छात्रा ने कड़ी मेहनत की और दृष्टिबाधित होने को एक चुनौती समझकर उस पर विजय प्राप्त की।

डॉ. शर्मा ने कहा कि उच्च शिक्षा में ब्रेल पाठ्य सामग्री पर निर्भरता नहीं हो सकती। इसलिए डॉ. मुस्कान नेगी ने टॉकिंग सॉफ्टवेयर वाले लैपटॉप और मोबाइल के माध्यम से पढ़ाई में ई-रिसोर्सेस का भरपूर इस्तेमाल किया।

डॉ. मुस्कान नेगी इस बड़ी सफलता का पहले श्रेय अपने माता-पिता अंबिका देवी और जयचंद के साथ अपने सभी परिजनों को देती हैं। उन्होंने कहा कि माता-पिता ने बचपन से उनका हौसला बढ़ाया और पढ़ाई तथा गायन के क्षेत्र में आगे बढ़ाने की लगातार प्रेरणा दी।

अपने शोध निर्देशक डॉ. मृत्युंजय शर्मा के अलावा संगीत विभाग के प्रो. जीतराम, प्रो. राम स्वरूप शांडिल्य एवं अन्य शिक्षकों के प्रति भी उन्होंने धन्यवाद ज्ञापित किया किया।

अपनी इस अकादमिक यात्रा में डॉ. मुस्कान नेगी ने उमंग फाउंडेशन, उससे जुड़े युवाओं और अपने सहपाठियों से लगातार मिले सहयोग के लिए उनका आभार जताया।

उल्लेखनीय है कि डॉ. मुस्कान नेगी को मतदान में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए भारतीय चुनाव आयोग ने यूथ आइकॉन बनाया है। गायन के क्षेत्र में उन्हें अनेक राष्ट्रीय तथा राज्य स्तर के सम्मान प्राप्त हुए हैं। प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल राजभवन में उन्हें सम्मानित कर चुके हैं। देश के विभिन्न राज्यों के साथ ही अमेरिका के पांच राज्यों पर भी उन्होंने अपने कार्यक्रम प्रस्तुत किए हैं।

प्रो. अजय श्रीवास्तव ने कहा कि डॉ. मुस्कान वर्ष 2017 से भारतीय चुनाव आयोग की यूथ आइकॉन हैं। शिमला के पोर्टमोर स्कूल और राजकीय कन्या महाविद्यालय में उमंग फाउंडेशन की सहायता से दाखिला लेने वाली पहली दृष्टिबाधित छात्राओं में से एक हैं। सामाजिक कामों में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेने वाली डॉ. मुस्कान नेगी नियमित रक्तदाता भी हैं।

—————

(Udaipur Kiran) शुक्ला

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *