Skip to content
Tuesday, 24 November 2026
BREAKING
AUTOMOBILE

नई जनरेशन की ट्रायम्फ स्क्रैम्बलर 1200 टेस्टिंग के दौरान दिखी, जानें क्या है खास

उदयपुर, 24 नवंबर: ट्रायम्फ मोटरसाइकल्स ने भारतीय बाजार के प्रीमियम बाइक सेगमेंट में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। हालिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी स्क्रैम्बलर 1200 की नई जनरेशन पर काम कर रही है। दरअसल, इस मोटरसाइकिल को हाल ही में टेस्टिंग के दौरान देखा गया है। सामने आई लेटेस्ट स्पाई तस्वीरों से पता चलता है कि इसके रियर सस्पेंशन सेटअप में बड़ा बदलाव किया गया है। मौजूदा स्क्रैम्बलर 1200 रेंज में मिलने वाले ट्विन शॉक एब्जॉर्बर की जगह इस प्रोटोटाइप में मोनोशॉक दिया गया है।

स्क्रैम्बलर 1200 का यह टेस्टिंग प्रोटोटाइप सड़कों के हिसाब से ज्यादा मुफीद (रोड-फोकस्ड) लग रहा है। नए रियर सस्पेंशन के अलावा, टेस्टिंग मॉडल में लिंकेज-टाइप मोनोशॉक और बॉक्स-सेक्शन स्विंगआर्म भी नजर आया है। इस डिजाइन से बाइक के पिछले हिस्से को ज्यादा क्लीन लुक मिलने की उम्मीद है, साथ ही इसकी डाइनैमिक्स भी बेहतर होगी। इसमें 1,200 सीसी का लिक्विड-कूल्ड, 8-वॉल्व, एसओएचसी (SOHC) पैरेलल-ट्विन इंजन दिया गया है।

यह नई बाइक दिखने में लोअर-स्पेक मॉडल जैसी लग रही है और इसे स्क्रैम्बलर 1200 एक्सई (XE) के नीचे उतारा जा सकता है। एक्सई में मिलने वाले 21-इंच के पहिए की जगह इसका फ्रंट व्हील 19-इंच का दिखाई दे रहा है, जो इसके ऑन-रोड फोकस होने का इशारा करता है। बाइक में राउंड एलईडी हेडलैंप, ट्यूबलेस वायर-स्पोक व्हील्स, बॉनेविल टी40 जैसा सिंगल-पॉड इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और ऊपर की तरफ लगे ट्विन साइड एग्जॉस्ट भी साफ नजर आ रहे हैं।

ट्रायम्फ ने अक्टूबर में नई बॉनेविल टी40, टी40 ब्लैक और टी4 मॉडल्स भी लॉन्च किए थे। टी40 और टी40 ब्लैक की एक्स-शोरूम कीमत ₹2,79,999 है, जबकि बॉनेविल टी4 की कीमत ₹2,54,999 रखी गई है। इन मोटरसाइकिलों की ऑनलाइन बुकिंग पहले ही शुरू हो चुकी है। कम कीमत के बावजूद, टी40 और टी40 ब्लैक में कई शानदार फीचर्स दिए गए हैं। इनमें टीयरड्रॉप शेप वाला फ्यूल टैंक, राउंड एलईडी हेडलैंप, लंबे मडगार्ड, पीशूटर-स्टाइल एग्जॉस्ट, ट्रेडिशनल वायर-स्पोक व्हील्स और ट्विन रियर शॉक एब्जॉर्बर शामिल हैं। कंपनी ने इसमें हाथ से पेंट की गई कोच लाइन, रबर टैंक नी पैड और ट्रायम्फ का क्लासिक थ्री-बार टैंक बैज भी बरकरार रखा है।

नई जनरेशन की ट्रायम्फ स्क्रैम्बलर 1200 टेस्टिंग के दौरान दिखी, जानें क्या है खास

Share