Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
SPORTS

नेपोली ने बोलोन्या को 2-0 से हराकर जीता इटैलियन सुपर कप का खिताब

इटैलियन सुपर कप ट्रॉफी के साथ नेपोली की टीम

जेद्दा, 23 दिसंबर (Udaipur Kiran) । इटली के मौजूदा सेरी ए चैंपियन नेपोली ने सोमवार को इटैलियन सुपर कप का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में नेपोली ने बोलोन्या को 2-0 से हराया। यह मैच सऊदी अरब के जेद्दा स्थित अल-अव्वाल पार्क में खेला गया। यह नेपोली का इटैलियन सुपर कप में तीसरा खिताब है। इससे पहले टीम ने 1990 और 2014 में यह ट्रॉफी जीती थी।

ब्राजीलियाई विंगर डेविड नेरेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों गोल दागे। उन्होंने पहले हाफ में दूर से बेहतरीन कर्लिंग शॉट लगाकर नेपोली को बढ़त दिलाई। इसके बाद दूसरे हाफ में बोलोन्या के गोलकीपर फेडेरिको रावाग्लिया की कमजोर पास को इंटरसेप्ट कर नेरेस ने दूसरा गोल कर टीम की जीत सुनिश्चित की।

नेरेस ने इस टूर्नामेंट में कुल तीन गोल किए। इससे पहले उन्होंने एसी मिलान के खिलाफ खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में भी 2-0 की जीत के दौरान एक गोल किया था। मैच के बाद नेपोली के कोच एंटोनियो कॉन्टे ने कहा, “खिलाड़ियों को बधाई दी जानी चाहिए। उन्होंने दिखा दिया कि वे इस ट्रॉफी को फैंस के लिए कितना जीतना चाहते थे। अब हमारे पास जश्न मनाने का एक और बड़ा मौका है।”

परंपरागत रूप से सेरी ए और इटैलियन कप विजेता के बीच खेले जाने वाला इटैलियन सुपर कप, वर्ष 2023 से लीग और कप के उपविजेता टीमों को भी शामिल कर चार टीमों का टूर्नामेंट बना दिया गया है। यह टूर्नामेंट 2029 तक सऊदी अरब में आयोजित किया जाएगा।

नेपोली फिलहाल सेरी ए तालिका में शीर्ष पर मौजूद इंटर मिलान से दो अंक पीछे है और रविवार को क्रेमोनेसे के खिलाफ अपना अगला लीग मुकाबला खेलेगी। बोलोन्या का सामना घरेलू मैदान पर सासुओलो से होगा।

—————

(Udaipur Kiran) दुबे

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *