Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
HEADLINES

नौसेना प्रमुख का ब्राजील दौरा पूरा, समुद्री साझेदारी मजबूत करने पर हुई बातचीत

नौसेना प्रमुख ब्राजीलियाई अधिकारियों के साथ बैठकें करते हुए

– द्विपक्षीय सहयोग और रक्षा उद्योग सहयोग पर केंद्रित रही ब्राजीलियाई अधिकारियों के साथ बैठकें

नई दिल्ली, 15 दिसंबर (Udaipur Kiran) । नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी ने भारत-ब्राजील समुद्री साझेदारी को और मजबूत करने के मकसद से ब्राजील का आधिकारिक दौरा किया। इस​ दौरान​ उन्होंने रक्षा मंत्री, ब्राजीलियाई सशस्त्र बलों के संयुक्त स्टाफ प्रमुख और ब्राजीलियन नौसेना के कमांडर समेत ब्राजील के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठकें कीं। यह बातचीत द्विपक्षीय सहयोग और रक्षा उद्योग सहयोग पर केंद्रित रही।

नौसेना प्रमुख और ब्राजील ​नौसेना के कमांडर एडमिरल मार्कोस सैम्पाइओ ओलसेन के साथ बातचीत ऑपरेशनल ​सहयोग बढ़ाने,​ प्रशिक्षण आदान-प्रदान, हाइड्रोग्राफिक सहयोग, जानकारी साझाकरण, समुद्री डोमेन जाग​रुकता और कैपेसिटी बिल्डिंग पर​ केंद्रित रही। ब्राजीलियाई ​राष्ट्रपति के मुख्य ​सलाहकार सेल्सो एमोरिम और ब्राजील के​ रक्षा मंत्री जोस म्यूसियो मोंटेइरो के साथ बातचीत में ​रक्षा सहयोग,​ समुद्री सुरक्षा तंत्र, रक्षा उद्योग सहयोग और​ दक्षिण अटलांटिक और​ भारत-प्रशांत में ​सहयोग के पूरे स्पेक्ट्रम ​की समीक्षा की गई, जो भारत और ब्राजील के साझा दृष्टिकोण​ को दिखाता है।

नौसेना प्रमुख​ के इस दौरे ​में ​भारतीय नौसेना, ब्राजीलियन​ नौसेना और मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड​ के बीच एक अहम तीन-तरफा समझौ​ते पर​ हस्ताक्षर किये गए। यह समझौता स्कॉर्पीन-क्लास सबमरीन और दूसरे नौसेना प्लेटफॉर्म​ की मरम्मत से जुड़ी जानकारी के लिए था। यह​ समझौता लाइफ​ साइकल सपोर्ट, लॉजिस्टिक्स, ट्रेनिंग, अनुभव शेयर करने और​ रक्षा सहयोग को बढ़ाएगा, जो ​दोनों देशों की नौसेनाओं और रक्षा उद्योगों को ​मजबूत करने में एक अहम कदम है।

नौसेना प्रमुख एडमिरल त्रिपाठी ने इटागुआई नेवल कॉम्प्लेक्स और एम्फीबियस हेलीकॉप्टर कैरियर समेत ब्राजील की ​नौसेना के अलग-अलग जगहों का दौरा किया। ​उन्होंने रियो डी जेनेरियो में ब्राजील की नेवल एकेडमी में 140 मिडशिपमेन की पासिंग आउट परेड में भी हिस्सा लिया।​ ये जुड़ाव भारत और ब्राजील के बीच समुद्री सहयोग को गहरा करने, साझा सुरक्षा लक्ष्यों को आगे बढ़ाने और प्रशिक्षण सहयोग की आपसी प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हैं।

  (Udaipur Kiran) निगम

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *