सटीक खुफिया जानकारी के माध्यम से होगा नक्सल समस्या का समाधान : सूरज सिंह परिहार

नक्सल उन्मूलन एवं आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ करने जिलास्तरीय संयुक्त अभियान समन्वय बैठक संपन्न
धमतरी, 21 दिसंबर (Udaipur Kiran) । जिले में नक्सल उन्मूलन एवं आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से रविवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय, धमतरी के सभाकक्ष में जिलास्तरीय संयुक्त अभियान समन्वय समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने कहा कि नक्सल समस्या का समाधान केवल बल प्रयोग से संभव नहीं है, बल्कि सटीक खुफिया जानकारी, मजबूत आपसी समन्वय एवं जनभागीदारी से ही स्थायी सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने सभी सुरक्षा एजेंसियों के बीच नियमित संवाद, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने पर बल दिया।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल अभियान), अनुविभागीय पुलिस अधिकारी नगरी, विशेष आसूचना शाखा प्रभारी, नक्सल प्रभावित थाना क्षेत्रों के थाना प्रभारी, जिला रिजर्व गार्ड, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल तथा अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की वर्तमान स्थिति की गहन समीक्षा की गई। बैठक में जंगल एवं दुर्गम क्षेत्रों में संदिग्ध नक्सली गतिविधियों, ग्रामीणों पर माओवादी दबाव तथा हाल की घटनाओं का विस्तृत विश्लेषण किया गया। सभी सुरक्षा बलों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने, त्वरित सूचना साझा करने, संयुक्त सर्च अभियान एवं नियमित गश्त के लिए साझा कार्यप्रणाली एवं रणनीतिक योजना तैयार करने पर सहमति बनी। साथ ही खुफिया तंत्र को और अधिक सशक्त बनाने, स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने तथा केंद्रीय एवं स्थानीय आसूचना एजेंसियों के बीच त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया गया। बैठक में ग्रामीण अंचलों में सामुदायिक पुलिसिंग, स्वास्थ्य शिविर, खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से जनसंवाद एवं जनभागीदारी को सशक्त कर नक्सली प्रभाव को कमजोर करने की रणनीति पर चर्चा की गई।
नक्सल उन्मूलन की दिशा में निर्णायक पहल करते हुए नक्सलियों के आत्मसमर्पण को प्रोत्साहित करने तथा पुनर्वास नीति के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की गई। बैठक के अंत में निर्णय लिया गया कि ऐसी समन्वय बैठकें प्रत्येक माह नियमित रूप से आयोजित की जाएंगी, जिससे अभियानों की निरंतर समीक्षा एवं आगामी रणनीति तय की जा सके। जनसहयोग, सशक्त खुफिया तंत्र एवं संयुक्त कार्यवाही के त्रिस्तरीय दृष्टिकोण को अपनाते हुए नक्सल विरोधी अभियान को और अधिक प्रभावी एवं तीव्र गति प्रदान करने का संकल्प लिया गया। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नक्सल अभियान शैलेन्द्र पांडेय, अनुविभागीय पुलिस अधिकारी नगरी विपिन रंगारी, रक्षित निरीक्षक दीपक शर्मा, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल शिविर सिहावा, बहीगांव एवं खल्लारी के प्रभारी, जिला रिजर्व गार्ड नगरी, नगरी, सिहावा, बोराई, मेचका, दुगली, मगरलोड एवं खल्लारी के थाना प्रभारी, विशेष आसूचना शाखा प्रभारी जिला धमतरी सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा



