Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
CHHATTISGARH

धमतरी : धान खरीद में नई सुविधा, किसान सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम

धान की तौलाई करते हुए किसान।

धमतरी, 16 दिसंबर (Udaipur Kiran) । छत्तीसगढ़ सरकार ने किसान-हितैषी सोच को और मजबूत करते हुए धान खरीदी व्यवस्था को अधिक सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाया है। किसानों की दैनिक आवश्यकताओं और व्यावहारिक समस्याओं को ध्यान में रखते हुए अब तूंहर टोकन ऐप को 24 घंटे सात दिन उपलब्ध कराया गया है। इस व्यवस्था के तहत किसान अब दिन-रात किसी भी समय अपनी सुविधा अनुसार टोकन बुक कर सकेंगे।

इस पहल से किसानों को फसल विक्रय की अग्रिम योजना बनाने का अवसर मिलेगा। अब किसान 13 जनवरी 2026 तक अग्रिम टोकन प्राप्त कर सकेंगे, जिससे समितियों में भीड़, तकनीकी दबाव और अंतिम समय की हड़बड़ी जैसी समस्याओं से राहत मिलेगी। इससे न केवल किसानों का समय बचेगा, बल्कि धान खरीदी प्रक्रिया भी अधिक सुव्यवस्थित और सुचारु रूप से संचालित हो सकेगी। राज्य सरकार ने लघु एवं सीमांत किसानों के हित में एक विशेष निर्णय भी लिया है। दो एकड़ अथवा उससे कम रकबा वाले किसान 31 जनवरी 2026 तक तूहर टोकन ऐप के माध्यम से टोकन ले सकेंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में लिया गया यह निर्णय छोटे किसानों को बिना दबाव के अपनी उपज विक्रय का भरोसा और आत्मविश्वास प्रदान करता है। टोकन जारी करने की प्रक्रिया शासन द्वारा निर्धारित सीमा के अंतर्गत नियंत्रित और पारदर्शी रहेगी। प्रत्येक सहकारी समिति को संतुलित रूप से टोकन जारी किए जाएंगे, जिससे सभी किसानों को समान अवसर मिल सके। किसानों से अपील की गई है कि वे समय रहते ऐप के माध्यम से टोकन प्राप्त करें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके। किसानों की सुविधा, सम्मान और पारदर्शी व्यवस्था राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। तूहर टोकन ऐप को 24 घंटे सात दिन उपलब्ध कराना और छोटे किसानों के लिए अतिरिक्त समय देना इसी संवेदनशील दृष्टिकोण को दर्शाता है। यह पहल तकनीक के बेहतर उपयोग के साथ-साथ किसान-केंद्रित शासन की प्रतिबद्धता को भी सशक्त रूप से प्रदर्शित करती है।

(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *