हाईकोर्ट की नई भूमिगत पार्किंग तैयार : जाम से राहत और पार्किंग करते वक्त होगे वाहन चालकों को विरासत के दर्शन


जयपुर, 21 दिसंबर (Udaipur Kiran) । राजस्थान हाईकोर्ट परिसर में बहुप्रतीक्षित नई पार्किंग बनकर तैयार हो गई है और अब इसके शुभारंभ का इंतजार है। हालांकि उद्घाटन की तारीख अभी तय नहीं हुई है, लेकिन इसके शुरू होते ही हाईकोर्ट, सचिवालय और आसपास के सरकारी कार्यालयों के कारण भगवानदास रोड पर लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम से आमजन को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
भगवानदास रोड पर बनी यह दो मंजिला भूमिगत पार्किंग आधुनिक सुविधाओं से युक्त है। यहां एक साथ 511 चौपहिया और 190 दुपहिया वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इतने बड़े पैमाने पर भूमिगत पार्किंग शुरू होने से सड़क पर खड़े वाहनों की समस्या कम होगी और यातायात सुचारु बनेगा।
पार्किंग स्थल में वाहन चालकों की सुविधा के लिए दोनों मंजिलों तक आने-जाने के लिए लिफ्ट की व्यवस्था की गई है, जिससे उन्हें पैदल उतरने-चढ़ने की जरूरत नहीं पड़ेगी। आपात स्थितियों से निपटने के लिए आधुनिक अग्निशमन यंत्र लगाए गए हैं। खास बात यह है कि ऊर्जा बचत को ध्यान में रखते हुए भारत में पहली बार किसी पार्किंग स्थल पर स्काई लाइट तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, जिससे प्राकृतिक रोशनी का अधिकतम उपयोग हो सके।
इस पार्किंग की एक और खासियत इसका सौंदर्यीकरण है। प्रशासन ने यहां केवल सुविधा ही नहीं, बल्कि विरासत के दर्शन भी कराने का प्रयास किया है। पार्किंग में प्रवेश करते समय वाहन चालक राजस्थान की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर की झलक देख सकेंगे। दीवारों पर बनाई गई आकर्षक पेंटिंग्स में तीर्थनगरी गलता गेट, आमेर का मावठा, जंतर-मंतर सहित गुलाबी नगर की प्रमुख धरोहरों को उकेरा गया है, जो लोगों को मंत्रमुग्ध कर देंगी।
—————
(Udaipur Kiran)



