Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
HEADLINES

मेसी प्रकरण में डीजी और सीपी को नोटिस, डीसीपी निलंबित

राजीव

कोलकाता, 16 दिसंबर (Udaipur Kiran) । युवभारती क्रीड़ांगन में हुई गंभीर अव्यवस्था के मामले में राज्य सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर गठित सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अगुवाई वाली तीन सदस्यीय जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर एक के बाद एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

राज्य के मुख्य सचिव मनोज पंत के कार्यालय से जारी बयान के अनुसार राज्य पुलिस के डीजी राजीव कुमार और विधाननगर के पुलिस कमिश्नर मुकेश कुमार को शो कॉज नोटिस जारी किया गया है, जबकि विधाननगर कमिश्नरेट के डीसीपी अनीश सरकार को विभागीय जांच पूरी होने तक निलंबित कर दिया गया है।

जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट में कार्यक्रम के दिन व्यवस्था में भारी चूक और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय की कमी की बात कही है। इसी आधार पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कदम उठाए गए हैं। राज्य पुलिस के डीजी राजीव कुमार से 24 घंटे के भीतर कारण बताने को कहा गया है। इसी तरह विधाननगर के पुलिस कमिश्नर मुकेश कुमार को भी शो कॉज नोटिस भेजा गया है।

घटना के दिन सुरक्षा और कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल रहे डीसीपी अनीश सरकार के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है और उन्हें अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही युवा और क्रीड़ा विभाग के प्रधान सचिव राजेश कुमार सिन्हा से भी पूरे घटनाक्रम पर स्पष्टीकरण मांगा गया है। युवभारती स्टेडियम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी देवकुमार नंदन से सभी जिम्मेदारियां तत्काल प्रभाव से हटा ली गई हैं।

राज्य सरकार ने मामले की गहराई से जांच के लिए विशेष जांच दल का गठन भी किया है। इस विशेष जांच दल में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी पीयूष पांडे, जावेद शमीम, सुप्रतिम सरकार और मुरलीधर शामिल हैं। सरकार ने स्पष्ट किया है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच की जाएगी, ताकि यह तय किया जा सके कि चूक कहां हुई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।——————-

(Udaipur Kiran) / ओम पराशर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *