ऑस्ट्रेलियन ओपन से पहले एडिलेड इंटरनेशनल में हिस्सा लेंगे नोवाक जोकोविच

एडिलेड , 16 दिसंबर (Udaipur Kiran) । सर्बिया के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 की तैयारी के लिए एडिलेड इंटरनेशनल में हिस्सा लेंगे। जोकोविच इस टूर्नामेंट के जरिए अपने 11वें ऑस्ट्रेलियन ओपन खिताब और रिकॉर्ड 25वें ग्रैंड स्लैम की दावेदारी की शुरुआत करेंगे।
एटीपी-डब्ल्यूटीए संयुक्त टूर्नामेंट एडिलेड इंटरनेशनल का आयोजन 12 से 17 जनवरी तक किया जाएगा। इसके बाद साल का पहला ग्रैंड स्लैम ऑस्ट्रेलियन ओपन 18 जनवरी से मेलबर्न पार्क में शुरू होगा।
जोकोविच ने अपना आखिरी ग्रैंड स्लैम खिताब 2023 में जीता था और उसके बाद से उन्होंने टूर पर अपने मैचों की संख्या कम कर दी है। हालांकि, इसके बावजूद उन्होंने इस साल जिनेवा और एथेंस में खिताब जीतकर अपनी क्षमता का परिचय दिया।
टूर्नामेंट आयोजकों ने मंगलवार को पुष्टि की कि एडिलेड इंटरनेशनल में पुरुष वर्ग में जोकोविच के अलावा जैक ड्रेपर, जोआओ फोंसेका, टॉमी पॉल और स्टेफानोस सितसिपास जैसे शीर्ष खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे।
महिला वर्ग में मौजूदा ऑस्ट्रेलियन ओपन चैंपियन मैडिसन कीज़ टूर्नामेंट की अगुआई करेंगी। उनके साथ विश्व की शीर्ष 10 खिलाड़ियों में शामिल जेसिका पेगुला, मिर्रा आंद्रेयेवा और एकातेरिना अलेक्ज़ेंड्रोवा भी मैदान में उतरेंगी।
टूर्नामेंट निदेशक एलिसिया मोलिक ने कहा, “एडिलेड इंटरनेशनल 2026 संस्करण वैश्विक टेनिस कैलेंडर में टूर्नामेंट की निरंतर बढ़ती प्रतिष्ठा को दर्शाएगा, जहां एटीपी और डब्ल्यूटीए टूर के विश्वस्तरीय खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।”
—————
(Udaipur Kiran) दुबे



