Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HimachalPradesh

अब हमीरपुर में भी चिट्टे के विरुद्ध मैगा वॉकथॉन की अगुवाई करेंगे मुख्यमंत्री

हिमाचल प्रदेश पुलिस के आईजी विमल गुप्ता और उपायुक्त अमरजीत सिंह शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा मेमोरियल ब्वायज सीनियर सेकंडरी स्कूल के मैदान में मैगा वॉकथॉन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए

हमीरपुर, 03 दिसंबर (Udaipur Kiran) । चिट्टे जैसे नशीले पदार्थ के सेवन एवं तस्करी के खिलाफ आम लोगों को जागरुक एवं लामबंद करने के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू अपने गृह जिले हमीरपुर में भी स्वयं मैगा वॉकथॉन की अगुवाई करेंगे। शिमला और धर्मशाला में मैगा वॉकथॉन के बाद हमीरपुर में भी इसी तरह का बड़ा आयोजन किया जाएगा। संभवतः 16 दिसंबर को आयोजित की जाने वाले इस मैगा वॉकथॉन के लिए हिमाचल प्रदेश पुलिस ने जिला प्रशासन एवं अन्य विभागों के सहयोग से तैयारियां आरंभ कर दी हैं। इसकी तिथि शीघ्र ही फाइनल कर दी जाएगी।

हिमाचल प्रदेश पुलिस के आईजी विमल गुप्ता और उपायुक्त अमरजीत सिंह ने बुधवार को यहां शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा मेमोरियल ब्वायज सीनियर सेकंडरी स्कूल के मैदान में मैगा वॉकथॉन की तैयारियों की समीक्षा की।

विमल गुप्ता ने बताया कि यह आयोजन शिमला और धर्मशाला की तर्ज पर ही किया जाएगा और मुख्यमंत्री स्वयं इसकी अगुवाई करेंगे। इसमें बच्चों, युवाओं और आम नागरिकों सहित हजारों लोग भाग लेकर चिट्टा मुक्त हिमाचल अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे।

उन्होंने अधिकारियों को ब्वायज स्कूल के मैदान में सभी आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए। आईजी ने बताया कि इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जिले भर से आने वाले लोगों को चिट्टा का विरोध करने की शपथ दिलाएंगे और अपना संदेश देंगे। वह स्कूल मैदान से गांधी चौक, मुख्य बाजार, अस्पताल चौक और बस स्टैंड से वापस स्कूल मैदान तक स्वयं पैदल चलकर हजारों लोगों के मैगा वॉकथॉन की अगुवाई करेंगे। इस अवसर पर पुलिस के प्रसिद्ध ऑर्केस्ट्रा ‘हारमनी ऑफ पाइन्स’ और बैंड का शो भी होगा।

विमल गुप्ता ने आयोजन स्थल पर पेयजल, रिफ्रेशमेंट, सफाई व्यवस्था और अन्य आवश्यक प्रबंधों को लेकर जिला के अधिकारियों के साथ व्यापक चर्चा की। मैगा वॉकथॉन के रूट पर यातायात और सफाई व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने दिशा-निर्देश जारी किए।

—————

(Udaipur Kiran) / विशाल राणा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *