Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
SPORTS

टीम से गिल के बाहर होने पर अजीत अगरकर बोले- यह फॉर्म नहीं, बल्कि कॉम्बिनेशन का मामला है

शुभमन गिल

मुंबई, 20 दिसंबर (Udaipur Kiran) । अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम का ऐलान शनिवार को कर दिया गया, जिसमें सबसे बड़ा झटका शुभमन गिल के बाहर होने के रूप में लगा। चयनकर्ताओं ने अक्षर पटेल को उपकप्तान बनाया है, जबकि ईशान किशन ने शानदार वापसी करते हुए टीम में जगह पाई है।

टीम में एक और बड़ा बदलाव देखने को मिला, जहां जितेश शर्मा को बाहर कर रिंकू सिंह को शामिल किया गया। गिल के बाहर होने के बाद संजू सैमसन के भारत के लिए पारी की शुरुआत करने की संभावना है और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हाल ही में खेले गए पांचवें टी20 मैच में शानदार प्रदर्शन के बाद वह विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी भी संभाल सकते हैं।

बीसीसीआई मुख्यालय में आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोर्ड सचिव देवजीत सैकिया, भारतीय टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव और मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने टीम चयन को लेकर मीडिया से बातचीत की।

गिल को बाहर करने के फैसले पर मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने कहा, “हम निरंतरता को देख रहे हैं और चाहते हैं कि टॉप ऑर्डर में एक विकेटकीपर बल्लेबाज हो। शुभमन गिल एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं, भले ही हाल के समय में उनके रन न आए हों। यह फैसला फॉर्म से ज्यादा टीम कॉम्बिनेशन को ध्यान में रखकर लिया गया है। हर खिलाड़ी हर फॉर्मेट में नहीं खेल सकता, इसलिए कुछ लोगों को बाहर बैठना पड़ता है। पिछले कुछ सालों में गिल दुनिया के नंबर एक बल्लेबाज रहे हैं। उन्हें पता है कि क्या करना है और हमें उम्मीद है कि वर्ल्ड कप तक वह फिर से उसी स्तर पर लौटेंगे।”

उन्होंने कहा,“कोई यह नहीं पूछ रहा कि यशस्वी जायसवाल टीम में क्यों नहीं हैं, जबकि वह पिछले टी20 वर्ल्ड कप में थे। हमने आगामी टूर्नामेंट के लिए जो सबसे बेहतर संयोजन बन सकता था, वही चुना है।”

ईशान किशन की वापसी पर अगरकर ने कहा, “ईशान सफेद गेंद क्रिकेट में पारी की शुरुआत करते हैं और हालिया फॉर्म भी अच्छा रहा है। टॉप ऑर्डर में विकेटकीपर होने से हमें ज्यादा विकल्प मिलते हैं।”

टीम में कई ऑलराउंडर्स को शामिल करने पर अगरकर ने कहा, “इतने ऑलराउंडर्स होने से टीम को लचीलापन मिलता है। अक्षर और वॉशिंगटन जैसे खिलाड़ी हैं, साथ ही हमारे पास बेहतरीन कलाई के स्पिनर भी हैं। किस मैच में कौन सा कॉम्बिनेशन उतरेगा, यह विपक्ष के हिसाब से तय होगा।”

भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने चयन से संतोष जताते हुए कहा, “टीम काफी संतुलित दिख रही है। सभी जरूरी जगहों को अच्छे से भरा गया है और हमारे पास कई तरह के कॉम्बिनेशन मौजूद हैं।”

गिल के बाहर होने पर उन्होंने कहा, “यह फॉर्म का मामला नहीं है, बल्कि कॉम्बिनेशन का है। हम टॉप पर विकेटकीपर और निचले क्रम में रिंकू या वॉशिंगटन जैसे बल्लेबाज चाहते थे।”

तिलक वर्मा की भूमिका पर सूर्यकुमार ने कहा, “मैं और गौतम भाई अब महसूस करते हैं कि लेफ्ट-राइट कॉम्बिनेशन को जरूरत से ज्यादा तवज्जो दी जाती है। तिलक की बल्लेबाजी पोजिशन तय कर दी गई है।”

टॉप ऑर्डर को लेकर उन्होंने कहा,“इस फॉर्मेट में अच्छी शुरुआत बेहद जरूरी है। पावरप्ले जीतना हमारा लक्ष्य है और उसी विश्लेषण के आधार पर यह कॉम्बिनेशन चुना गया है।”

अपनी हालिया फॉर्म पर कप्तान ने कहा, “यह दौर थोड़ा लंबा रहा है, लेकिन हर खिलाड़ी के करियर में ऐसा आता है। मुझे पता है कि मुझे क्या करना है। न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैच हैं, जहां मैं लय हासिल कर सकता हूं।”

रिजर्व खिलाड़ियों पर बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा,“फिलहाल इस टीम के लिए कोई स्टैंडबाय खिलाड़ी नहीं रखे गए हैं, क्योंकि टूर्नामेंट हमारे देश में ही हो रहा है। जरूरत पड़ने पर बदलाव किए जा सकते हैं।”

भारतीय टीम (टी20 वर्ल्ड कप 2026):

सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या, हर्षित राणा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), अक्षर पटेल (उपकप्तान), अर्शदीप सिंह, रिंकू सिंह, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव।

———-

(Udaipur Kiran) दुबे

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *