Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
HEADLINES

राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस पर नितिन गडकरी, मनोहर लाल, प्रहलाद जोशी, हर्ष मल्होत्रा समेत तमाम नेताओं ने अनावश्यक अपव्यय रोकने की अपील की

राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस

नई दिल्ली, 14 दिसंबर (Udaipur Kiran) । राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस के अवसर पर केंद्रीयमंत्री नितिन गडकरी, मनोहर लाल, प्रहलाद जोशी, हर्ष मल्होत्रा और ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने ऊर्जा के विवेकपूर्ण और जिम्मेदार उपयोग, स्वच्छ व नवीकरणीय ऊर्जा को अपनाने तथा अनावश्यक अपव्यय रोकने की अपील की। नेताओं ने कहा कि ऊर्जा की छोटी-छोटी बचत से पर्यावरण संरक्षण के साथ देश की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत होगी और आने वाली पीढ़ियों के लिए सतत, हरित और सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित किया जा सकेगा।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्गमंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि ऊर्जा का समझदारी से उपयोग करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने बिजली बचाने, स्वच्छ ऊर्जा को अपनाने और कचरे में कमी लाने को पृथ्वी की रक्षा के लिए आवश्यक बताया और कहा कि आज के जागरूक ऊर्जा विकल्प आने वाली पीढ़ियों के लिए मजबूत और टिकाऊ भविष्य सुनिश्चित करेंगे।

केंद्रीय आवास एवं शहरी विकासमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस पर प्रत्येक व्यक्ति को अपने दैनिक जीवन में ऊर्जा संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने ऊर्जा के अनावश्यक उपयोग को रोकने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने पर जोर देते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही बेहतर भविष्य संभव है।

केंद्रीयमंत्री प्रहलाद जोशी ने कहा कि आज बचाई गई ऊर्जा भारत की कल की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत बनाती है। उन्होंने ऊर्जा के जिम्मेदार उपयोग के प्रति प्रतिबद्धता दोहराते हुए ऊर्जा दक्ष तरीकों को अपनाने और स्वच्छ व हरित भारत की दिशा में एकजुट होकर आगे बढ़ने की अपील की।

केंद्रीयमंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि ऊर्जा का विवेकपूर्ण उपयोग पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बिजली बचत, स्वच्छ ऊर्जा के चयन और अपव्यय में कमी को आवश्यक बताते हुए कहा कि छोटे प्रयास मिलकर आने वाली पीढ़ियों के लिए टिकाऊ और सशक्त भविष्य का निर्माण करते हैं।

ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कहा कि बचाया गया हर वाट सतत भविष्य की ओर एक कदम है। उन्होंने नवीकरणीय ऊर्जा अपनाने, ऊर्जा अपव्यय कम करने और ऊर्जा दक्ष अर्थव्यवस्था के निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प लेने अपील करते हुए कहा कि मिलकर ही एक हरित और टिकाऊ भविष्य बनाया जा सकता है।

—————

(Udaipur Kiran) / प्रशांत शेखर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *