Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
ASSAM

जुबीन गर्ग की मौत पर राजनीति बंद करे विपक्ष : भाजपा

असमः प्रदेश भाजपा मुख्यालय अटल बिहारी वाजपेयी भवन में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते प्रवक्ता किशोर कुमार भट्टाचार्य

गुवाहाटी, 20 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । असम भाजपा ने प्रसिद्ध गायक जुबीन गर्ग की मौत पर हो रही राजनीतिक बयानबाजी पर कड़ी आपत्ति जताते हुए विपक्षी दलों से अपील की है कि वे इस मामले को राजनीति का माध्यम न बनाएं, बल्कि न्याय की प्रक्रिया में विश्वास रखें।

भाजपा प्रदेश मुख्यालय ‘अटल बिहारी वाजपेयी भवन’ में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में पार्टी प्रवक्ता किशोर कुमार भट्टाचार्य ने कहा कि जुबीन गर्ग की असम के जनजीवन में ऐसी जगह थी कि उनके जाने के एक माह बाद भी प्रदेश शोक में डूबा है। दिवाली जैसे प्रकाश पर्व के बावजूद लोगों के जीवन में अब भी अंधकार और मौन पसरा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के साढ़े छह लाख कार्यकर्ता भी जुबीन के लाखों प्रशंसकों की तरह इस असमय हुई मौत के पीछे की सच्चाई जानना चाहते हैं, लेकिन यह न्याय केवल अदालत ही दे सकती है।

भट्टाचार्य ने कहा कि न्यायपालिका विश्व की सबसे स्वतंत्र और शक्तिशाली संस्था है, इसलिए हमें उसके प्रति अटूट विश्वास बनाए रखना चाहिए। जांच एजेंसियों को तथ्यों के साथ पारदर्शी और ठोस जांच करने का पूरा समय दिया जाना चाहिए ताकि अदालत में पुख्ता सबूत पेश किए जा सकें। उन्होंने कहा कि ‘जस्टिस फॉर जुबीन गर्ग’ की डिजिटल मुहिम अब एक जनआंदोलन का रूप ले चुकी है, जिसमें भाजपा कार्यकर्ता और करोड़ों प्रशंसक एकजुट हैं।

भाजपा प्रवक्ता ने बताया कि राज्य सरकार पहले ही न्याय प्रक्रिया को तेज करने के लिए कई कदम उठा चुकी है। इनमें विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन, न्यायिक जांच आयोग की स्थापना—जिसका नेतृत्व न्यायमूर्ति सौमित्र सैकिया कर रहे हैं और फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की व्यवस्था की जा रही है। जुबीन गर्ग के परिवार और प्रशंसकों की अपील पर उनके शव का दूसरा पोस्टमार्टम भी कराया गया। जांच से जुड़े आवश्यक औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद एसआईटी की टीम आज सिंगापुर रवाना हो चुकी है।

उन्होंने दृढ़ विश्वास व्यक्त किया कि मौजूदा सरकार की न्याय के प्रति प्रतिबद्धता के तहत जुबीन गर्ग की मौत के मामले में दोषी कोई भी व्यक्ति कानून के शिकंजे से बच नहीं पाएगा।

भाजपा ने कहा कि जुबीन गर्ग केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि असम की धरोहर हैं। उनकी मौत को राजनीतिक रंग देना नैतिक रूप से गलत है। प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि विपक्षी दल जांच में सहयोग करने के बजाय गैरजिम्मेदाराना बयान दे रहे हैं और जुबीन के प्रशंसकों की भावनाओं का राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश कर रहे हैं। भाजपा ने इस मानसिकता की कड़ी निंदा करते हुए सभी जागरूक नागरिकों से सत्य, न्याय और जुबीन गर्ग की अमर विरासत की रक्षा के लिए एकजुट होने की अपील की।

(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *