पाली, जालौर और बारां में जोरदार बारिश, पाली के रानी में रिकॉर्ड 5 इंच से ज्यादा बरसात

जयपुर (Udaipur Kiran). प्रदेश में एक बार फिर तेज बारिश ने रफ्तार पकड़ ली है. गुरुवार को पाली, जालौर और बारां जिलों में झमाझम बारिश दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया. सबसे ज्यादा बारिश पाली के रानी क्षेत्र में 131 मिमी (5 इंच से अधिक) दर्ज की गई. मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में बारिश का सिलसिला और तेज हो सकता है. गुरुवार को प्रदेश के 16 शहरों में मध्यम से भारी बारिश हुई.

heavy rain

जलसंसाधन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, पाली के रानी के अलावा बारां के किशनगंज में 106 मिमी, पाली के देसुरी में 97 मिमी, भीलवाड़ा के जहाजपुर में 85 मिमी, बूंदी के केशोरायपाटन में 82 मिमी, जालौर में 85 मिमी, बांसवाड़ा में 80 मिमी, चित्तौड़गढ़ के भदेसर में 75 मिमी और बारां में 72 मिमी बारिश दर्ज की गई. बीकानेर इस दौरान प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री और न्यूनतम 30 डिग्री दर्ज हुआ.

मौसम विभाग के अनुसार, जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा, अलवर, सीकर, कोटा, चित्तौड़गढ़, उदयपुर, बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर और डूंगरपुर समेत कई इलाकों में बारिश का दौर जारी है. मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की संभावना है. पश्चिमी Rajasthan के जोधपुर और बीकानेर संभाग में भी 22 से 29 अगस्त के बीच बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी हो सकती है.

जयपुर में गुरुवार सुबह से ही बारिश का दौर शुरू हो गया, जो दिनभर रुक-रुक कर जारी रहा. यहां लगभग 40 मिमी बारिश दर्ज की गई. बारिश की वजह से दिन और रात के तापमान में तीन डिग्री से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई. गुरुवार को जयपुर का अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री और न्यूनतम 23.1 डिग्री रहा.

Leave a Comment