Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HARYANA

पलवल सीआईए ने नशा तस्कर को स्मैक के साथ पकड़ा

पुलिस की गिरफ्त में तस्कर

पलवल, 22 दिसंबर (Udaipur Kiran) । जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हथीन सीआईए टीम ने एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 37.96 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हथीन सीआईए प्रभारी पीएसआई दीपक गुलिया ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि एसआई हकीमुद्दीन के नेतृत्व में सीआईए टीम क्षेत्र में नशा तस्करी पर नजर रखने के लिए गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि रजपुरा गांव निवासी दिलशाद स्मैक बेचने का अवैध कारोबार करता है और गुराकसर गांव के पास एक खंडहर पड़े स्कूल भवन के समीप स्मैक लेकर खड़ा है। सूचना के आधार पर टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी दिलशाद भागने की कोशिश करते हुए गांव की ओर दौड़ा, लेकिन संतुलन बिगड़ने से वह रास्ते में गिर गया। घुटने में हल्की चोट लगने के कारण वह दोबारा भाग नहीं सका और पुलिस टीम ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया।

आरोपी को हिरासत में लेकर ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तलाशी ली गई, जिसमें उसके कब्जे से 37.96 ग्राम स्मैक बरामद हुई। बरामद स्मैक की बाजार में कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हथीन थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि स्मैक के स्रोत और इसके खरीद-फरोख्त में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी हासिल की जा सके।

—————

(Udaipur Kiran) / गुरुदत्त गर्ग

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *