Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
HEADLINES

संसद ने विनियोग (नंबर 4) विधेयक 2025 को पारित किया

राज्यसभा में विधयेक पर चर्चा का जवाब देते पंकज चौधरी

नई दिल्‍ली, 16 दिसंबर (Udaipur Kiran) । संसद ने विनियोग (संख्या 4) विधेयक, 2025 को पारित कर दिया है, जिसे राज्यसभा ने चर्चा के बाद मंजूरी देकर लोकसभा को वापस भेज दिया है। इस विधयेक का मकसद चालू वित्‍त वर्ष 2025-26 की सेवाओं के लिए भारत की संचित निधि से कुछ और राशि के भुगतान तथा आवंटन को मंजूरी देना है। लोकसभा ने इस विधेयक को सोमवार को ही पारित कर दिया था। साथ ही राज्य सभा की कार्यवाही बुधवार को सुबह 11:00 बजे तक के लिए स्थगित हो गयी।

राज्‍यसभा में इस विधयेक पर चर्चा का जवाब देते हुए केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने जोर देकर कहा कि देश में यूरिया की कोई कमी नहीं है। उन्होंने सदन को बताया कि वित्‍त वर्ष 2014-15 और 2025-26 के बीच स्वास्थ्य बजट दोगुने से ज्‍यादा बढ़ गया है। चौधरी ने कहा कि वित्‍त वर्ष 2013-14 की तुलना में वित्‍त वर्ष 2025-26 में सभी प्रमुख फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) दोगुना हो गया है। उन्होंने बताया कि भारत की क्रेडिट रैंकिंग में सुधार हुआ है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मोदी सरकार फंड देने में किसी भी राज्य के साथ भेदभाव नहीं करती है।

इससे पहले इस विधयेक पर चर्चा में हिस्सा लेते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के घनश्याम तिवारी ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था 4 ट्रिलियन डॉलर को पार कर गई है। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार देश के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं, आआपा सांसद राघव चड्ढा ने चिंता जताई कि भारत में निवेश पर बहुत ज़्यादा टैक्स लगता है। उन्होंने कहा कि इस देश में लॉन्ग-टर्म इन्वेस्टमेंट को शॉर्ट-टर्म सट्टेबाजी की तरह माना जा रहा है और इसमें बदलाव होना चाहिए। इसके बाद राज्‍यसभा के उप-सभापति डॉ. हरिवंश ने सदन अगले दिन सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।

उल्‍लेखनीय है कि संसद के उच्‍च सदन राज्‍यसभा ने विनियोग (संख्या 4) विधेयक, 2025 को चर्चा के बाद लोक सभा को वापस कर दिया। संविधान के अनुसार धन विधेयक केवल लोक सभा में पेश होता है और राज्य सभा इसे अस्वीकार नहीं कर सकती, केवल चर्चा करने के बाद लौटाती है।

—————

(Udaipur Kiran) / प्रजेश शंकर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *