Skip to content
Sunday, 1 November 2026
BREAKING
SPORTS

मैनचेस्टर सिटी और जैन स्पोर्ट्स की साझेदारी, भारत में खुला नया फुटबॉल स्कूल

मैनचेस्टर सिटी और जैन स्पोर्ट्स की साझेदारी, भारत में खुला नया फुटबॉल स्कूल

बेंगलुरु, 15 दिसंबर (Udaipur Kiran) । इंग्लिश फुटबॉल क्लब मैनचेस्टर सिटी और जैन स्पोर्ट्स ने भारत में एक नए मैनचेस्टर सिटी फुटबॉल स्कूल की शुरुआत की है। यह फुटबॉल स्कूल जैन स्पोर्ट्स के जैन ग्लोबल कैंपस में स्थापित किया गया है, जो देश के प्रमुख शिक्षा समूहों में शामिल जेजीआई ग्रुप के स्वामित्व में है। इस पहल को जैन स्पोर्ट्स के दीर्घकालिक खेल विकास विज़न की दिशा में पहला महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

इस सहयोग के तहत युवा खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय फुटबॉल प्रशिक्षण देने पर जोर दिया जाएगा, जिसमें मैनचेस्टर सिटी की प्रसिद्ध खेल दर्शन शैली और जैन स्पोर्ट्स की उच्च गुणवत्ता वाली कोचिंग, अकादमिक संतुलन, आधुनिक बुनियादी ढांचे और समग्र खिलाड़ी विकास की सोच को जोड़ा गया है। इसका उद्देश्य खिलाड़ियों को मैदान पर और मैदान के बाहर दोनों स्तरों पर बेहतर बनाना है।

फुटबॉल स्कूल के माध्यम से छात्रों को ऐसी प्रशिक्षण पद्धतियां उपलब्ध कराई जाएंगी, जिन्होंने मैनचेस्टर सिटी को इंग्लैंड, यूरोप और वैश्विक मंच पर सफलता दिलाई है। कार्यक्रम में तकनीकी कौशल, टीमवर्क, नेतृत्व क्षमता और पढ़ाई के साथ खेल में संतुलन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

सिटी फुटबॉल ग्रुप की फुटबॉल एजुकेशन, रिक्रिएशन और पार्टनर क्लब्स की मैनेजिंग डायरेक्टर जॉर्जिना बुसेट्स ने कहा कि भारत में युवा खिलाड़ियों तक मैनचेस्टर सिटी की फुटबॉल शिक्षा पहुंचाना उनके लिए खुशी की बात है। उन्होंने बताया कि यह साझेदारी खेल के माध्यम से युवाओं के सर्वांगीण विकास के साझा लक्ष्य को दर्शाती है।

वहीं, जेजीआई ग्रुप के चेयरमैन डॉ. चेनराज रॉयचंद ने इसे भारत में एक समग्र खेल पारिस्थितिकी तंत्र बनाने की दिशा में अहम उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि मैनचेस्टर सिटी की वैश्विक स्तर पर सराही गई यूथ डेवलपमेंट प्रणाली और आधुनिक कोचिंग दर्शन भारतीय खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के अवसर प्रदान करेगा।

बेंगलुरु स्थित जैन स्पोर्ट्स, जेजीआई ग्रुप की प्रमुख पहल है, जिसे खेलों में 30 वर्षों का अनुभव हासिल है। यह संस्था ओलंपियन, पैरालंपियन और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को तैयार करने का रिकॉर्ड रखती है। मैनचेस्टर सिटी फुटबॉल स्कूल की शुरुआत के साथ जैन स्पोर्ट्स ने भारत में युवा फुटबॉल प्रतिभाओं को निखारने की दिशा में एक मजबूत कदम बढ़ाया है।

——————-

(Udaipur Kiran) / आकाश कुमार राय

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *