राजस्व ग्राम को निरस्त करने संबंधी याचिकाएं खारिज

जोधपुर, 27 सितम्बर (Udaipur Kiran News) । राजस्थान उच्च न्यायालय ने ओसियां विधानसभा क्षेत्र में नवसृजित तीन राजस्व ग्रामों को निरस्त करने संबंधी दायर याचिकाओं को खारिज कर दिया है।
राजस्थान सरकार ने पूर्व में हतुंडी गांव से हरका नाडा और ढेरों की ढाणी तथा नेवरा गांव से शहीद गोरखराम नगर नामक नए राजस्व ग्रामों का गठन किया था। इस पर आपत्ति जताते हुए प्रार्थी मलाराम, देदाराम व अन्य ने उच्च न्यायालय में रिट याचिकाएं दायर की थीं।
सुनवाई के दौरान हतुंडी के सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश सुथार, राजेंद्र जाखड़ और नेवरा की सरपंच आसी देवी की ओर से अधिवक्ता रामनिवास हाणिया ने अदालत में विस्तृत तर्क, तथ्य व साक्ष्य प्रस्तुत किए। उन्होंने बताया कि नए राजस्व ग्रामों का नामकरण, मूलभूत सुविधाओं के लिए भूमि और प्रस्ताव संबंधी प्रक्रियाएं विधिसम्मत हैं। न्यायालय ने सुनवाई के बाद तीनों राजस्व ग्रामों को निरस्त करने संबंधी याचिकाओं को खारिज कर दिया। साथ ही, न्यायमूर्ति कुलदीप माथुर ने इनसे संबंधित अन्य 11 याचिकाओं को भी खारिज करते हुए अपना आदेश पारित किया।
(Udaipur Kiran) / सतीश



