अमेरिका के साथ व्यापार समझौते पर बाचतीत उन्नत चरण में: पीयूष गोयल

नई दिल्ली, 22 दिसंबर (Udaipur Kiran) । केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को कहा कि भारत और अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते को लेकर बातचीत के उन्नत चरण में है।
भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर बातचीत पूरी होने पर गोयल ने यहां मीडिया से कहा कि हम अमेरिका के साथ अपनी वार्ता में पहले ही उन्नत चरण में हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका के उप व्यापार प्रतिनिधि रिक स्विट्जर हाल ही में अपने दल के साथ व्यापार वार्ता की समीक्षा के लिए भारत आए थे। दो दिवसीय बातचीत 11 दिसंबर को पूरी हुई। उन्होंने भारत-न्यूजीलैंड के बीच एफटीए होने से भारत और विभिन्न सेक्टर्स के लिए मिलने वाले अभूतपूर्व अवसरों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हमारे व्यापारियों, निर्यातकों, एमएसएमई, किसानों, महिला उद्यमियों, युवाओं और प्रोफेशनल्स को बेहतर अवसर मिलेंगे। गोयल ने इस बात पर भी जोर दिया कि यह ऐतिहासिक समझौता विकसित भारत 2047 के विज़न के अनुरूप वैश्विक व्यापार साझेदारी का विस्तार करेगा।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री ने बताया कि भारत, कनाडा के साथ भी व्यापार समझौते के लिए वार्ता दोबारा शुरू करने की प्रक्रिया में है। हम जल्द ही कनाडा के साथ टीओआर (संदर्भ की शर्तों) पर चर्चा शुरू करने जा रहे हैं। इससे विश्व भू-राजनीति में भारत के बढ़ते रणनीतिक महत्व का पता चलता है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत अब तक ‘फाइव आइज ’गठबंधन के 3 सदस्यों ऑस्ट्रेलिया, ब्रिटेन और न्यूजीलैंड के साथ मुक्त व्यापार समझौते को अंतिम रूप दे चुका है। खुफिया जानकारी साझा करने वाले इस नेटवर्क के पांच देशों में ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, न्यूजीलैंड, ब्रिटेन और अमेरिका शामिल हैं।
—————
(Udaipur Kiran) / प्रजेश शंकर



