Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
SPORTS

पीकेएल-12: पुनेरी पल्टन की जीत की हैट्रिक, बंगाल वॉरियर्स को पहली हार

विशाखापट्टनम, 3 सितंबर (Kiran News): प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) सीजन-12 में पुनेरी पल्टन का विजयी अभियान जारी है। बुधवार को विश्वनाथ स्पोर्ट्स क्लब स्टेडियम में खेले गए 11वें मुकाबले में पल्टन ने बंगाल वॉरियर्स को 45-36 से हराते हुए लगातार तीसरी जीत दर्ज की। इस हार के साथ बंगाल का अपराजेय क्रम भी समाप्त हो गया।

पीकेएल-12

असलम और आदित्य का जलवा

पुनेरी की जीत में कप्तान असलम इनामदार और आदित्य शिंदे ने शानदार प्रदर्शन किया और 10-10 अंक जुटाए। डिफेंस में विशाल भारद्वाज ने हाई-5 लगाया, जबकि गुरदीप और पंकज मोहिते ने 5-5 अंक जोड़े।
वहीं, बंगाल की ओर से देवांक दलाल ने अकेले दम पर 17 अंक हासिल किए, लेकिन साथियों का साथ न मिलने से टीम हार टाल नहीं सकी।

मैच का रोमांच

मैच की शुरुआत कड़ी टक्कर के साथ हुई और शुरुआती 10 मिनट तक दोनों टीमें बराबरी पर रहीं। इसके बाद पुनेरी ने लय पकड़ते हुए पहले हाफ तक 26-22 की बढ़त बना ली। इसी दौरान असलम और देवांक ने सुपर-10 पूरा किया।

दूसरे हाफ में पुनेरी ने और आक्रामक खेल दिखाया। बंगाल को ऑलआउट कर टीम ने 34-24 की मजबूत बढ़त बना ली। देवांक ने बोनस प्वाइंट्स से अंतर कम करने की कोशिश की, लेकिन आदित्य और पंकज के लगातार सफल रेड ने बढ़त बनाए रखी।

अंतिम 10 मिनट में बंगाल ने वापसी की कोशिश की, मगर गुरदीप की जबरदस्त टैकलिंग ने उम्मीदें तोड़ दीं। अंततः पुनेरी पल्टन ने 9 अंकों से मुकाबला जीतकर सीजन की जीत की हैट्रिक पूरी कर ली।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *