पीएम मोदी 25 सितम्बर को करेंगे माही-बांसवाड़ा परमाणु ऊर्जा परियोजना का शिलान्यास
बांसवाड़ा, 23 सितम्बर (Udaipur Kiran News)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 सितम्बर को बांसवाड़ा जिले के नापला गांव में माही-बांसवाड़ा परमाणु ऊर्जा परियोजना का शिलान्यास करेंगे। इस अवसर पर वे कुल 1 लाख 22 हजार 441 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे।

इन परियोजनाओं में राजस्थान के लिए 1 लाख 8 हजार करोड़ रुपये से अधिक की योजनाएं और राज्य सरकार के 30 हजार करोड़ रुपये के 48 विकास कार्य शामिल हैं। माही-बांसवाड़ा परमाणु ऊर्जा परियोजना की अनुमानित लागत लगभग 42 हजार करोड़ रुपये है। इसमें 700-700 मेगावाट क्षमता वाली चार अत्याधुनिक इकाइयां लगाई जाएंगी, जिनकी कुल उत्पादन क्षमता 2800 मेगावाट होगी। यह परियोजना ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन रहित स्वच्छ ऊर्जा का उत्पादन करेगी। इसके निर्माण और संचालन से न केवल ग्रामीण अर्थव्यवस्था सशक्त होगी, बल्कि पूरा जनजातीय क्षेत्र आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ेगा।
इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री 15 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियों के नियुक्ति पत्र भी सौंपेंगे।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को प्रधानमंत्री की प्रस्तावित यात्रा से पहले नापला गांव का दौरा किया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर बनाए जा रहे मंच का निरीक्षण किया और स्थानीय प्रशासन से बैठने की व्यवस्था, पार्किंग और हेलीपैड की तैयारियों की जानकारी ली। सुरक्षा इंतज़ामों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि यह ऐतिहासिक कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।



