Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
UTTRAKHAND

कोटाबाग में सड़क किनारे खड़ी कार पर की गयी गोलीबारी, पुलिस कर रही जांच

गोली चलने से क्षतिग्रस्त हुई कार।

नैनीताल, 19 दिसंबर (Udaipur Kiran) । नैनीताल जनपद के कालाढूंगी थाना क्षेत्र के अंतर्गत कोटाबाग क्षेत्र में शुक्रवार को एक युवक ने सड़क किनारे खड़ी एक कार पर ताबड़तोड़ गोलीबारी कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी व भय का माहौल है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सभा पतलिया-गाजा में सड़क किनारे खड़ी हुंडई कार संख्या यूके04-2997 को अचानक निशाना बनाकर गोलियां चलाई गईं। गोलीबारी के बाद आरोपित युवक मौके से फरार हो गया। घटनास्थल से 12 बोर का एक खाली कारतूस बरामद हुआ है, जिससे गोलीबारी की पुष्टि हुई है। गोली चलने से कार का आगे का शीशा चकनाचूर हो गया है। घटना के बाद डरे ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कालाढूंगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू की।

पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया तथा कार पर लगे गोलियों के निशानों एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच प्रारंभ की। कालाढुंगी के थाना प्रभारी ने बताया कि गोली कार स्वामी के ही दोस्त ने आपसी लेन-देन के विवाद में चलाई है। इस मामले में पुलिस को अब तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। अलबत्ता, पुलिस अपने स्तर से जांच कर रही है। शिकायत मिलने पर अपेक्षित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

(Udaipur Kiran) / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *